Mandi News: लडभड़ोल में मंदिरों में लगा भक्तों का तांता
लडभड़ोल (मंडी)। सावन माह के पहले सोमवार के पावन अवसर पर लडभड़ोल तहसील क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवार सुबह से ही क्षेत्र के प्रसिद्ध त्रिवेणी महादेव मंदिर घटोड़, शिव मंदिर लडभड़ोल, शिव मंदिर दलेड़, अख्लेश्वर महादेव बनांदर और नागेश्वर महादेव कुड्ड में भक्तों का तांता लगा रहा। भारी संख्या में पहुंचे शिवभक्तों की पूजा-अर्चना से इन सभी मंदिरों का माहौल पूरी तरह शिवमय नजर आया। नागेश्वर महादेव कुड्ड के वर्तमान प्रबंधक महंत विमल गिरी ने भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं का आभार जताते हुए सावन के पहले सोमवार की शुभकामनाएं दीं। सावन में भोलेनाथ की पूजा का विशेष महत्व है। इसे देखते हुए कुड्ड मंदिर में हवन-यज्ञ के लिए एक विशेष स्थान निर्धारित किया गया है। यहां पूरे माह प्रतिदिन हवन होगा। इच्छुक श्रद्धालु अपना पंजीकरण करवाकर इसमें भाग ले सकते हैं। नागेश्वर महादेव कुड्ड में 26 जुलाई से तीन अगस्त तक श्रीमद् शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस धार्मिक अनुष्ठान में बढ़-चढ़कर भाग लें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 20, 2026, 17:06 IST
Mandi News: लडभड़ोल में मंदिरों में लगा भक्तों का तांता #StreamOfDevoteesAtTemplesInLadbharol #SubahSamachar
