अंधड-बारिश का कहर: बिजली बोर्ड को एक करोड़ से अधिक नुकसान
ऊना। आधी रात को आए अंधड़ और बारिश से बिजली बोर्ड को एक करोड़ से अधिक नुकसान हुआ है। लगभग 886 ट्रांसफार्मर अस्थायी रूप से बाधित हुए हैं। जिसके चलते बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सोमवार को 764 ट्रांसफार्मर को रिस्टोर कर लिया है लेकिन अभी भी 120 ट्रांसफार्मर बाधित पड़े हुए हैं। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। कई जगह पर लोगों के आवास की छतें उड़ गई हैं और जिले के लिंक मार्क भी पेड़ गिरने से आंशिक तौर से बाधित रहे। ऊना अग्निशमन केंद्र ने गलुआ गांव में नानकसर गुरुद्वारे के पास एक आवासीय छत पर गिरे पेड़ को हटाकर इमारत की संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित की। अंधड़ के कोहराम से जनजीवन अस्त-व्यस्त होकर रह गया है। प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। सबसे ज्यादा बिजली बोर्ड को चपत लगी है। कई इलाकों में अभी भी बिजली ने होने की सूरत में अंधेरा छाया हुआ है। अंधड़ से जिला भर में 8 से 10 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही और दिन भर में भी कट लगने का क्रम जारी रहा जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली बोर्ड सर्कल ऊना के अधीक्षण अभियंता दर्शन सिंह का कहना है कि एक करोड़ से ऊपर नुकसान हुआ है। अभी भी 120 ट्रांसफार्मर बाधित पड़े हैं। बिजली बोर्ड के कर्मचारी मुस्तैदी के साथ बंद पड़े ट्रांसफार्मर को बहाल करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी सहयोग की अपील की है।अंब और आसपास के क्षेत्रों में आए अंधड़ से कुल पांच ट्रांसफार्मर और लगभग 26 बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे विभाग को करीब सवा तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। विद्युत बोर्ड के एसडीओ जुगल किशोर ने बताया कि अंब क्षेत्र में हाई टेंशन और लो टेंशन लाइन के आठ पोल टूटने के साथ दो ट्रांसफार्मर खराब हुए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 11, 2026, 23:44 IST
अंधड-बारिश का कहर: बिजली बोर्ड को एक करोड़ से अधिक नुकसान #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
