Una News: ऊना शहर में एनएच किनारे लगाए जाएंगे स्प्रिंग पोस्ट
ऊना। शहर में अवैध पार्किंग को रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर नए स्प्रिंग पोस्ट लगाए जाएंगे जबकि पहले से टूटे और क्षतिग्रस्त स्प्रिंग पोस्ट को भी दुरुस्त किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य सड़कों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।शहर के मुख्य बाजार, अस्पताल मार्ग, बस स्टैंड के आसपास और प्रमुख चौकों पर अक्सर वाहन चालक अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं। जिससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और जाम की स्थिति बन जाती है। हालांकि पुलिस की टो वैन भी शहर में समय-समय पर ऐसे वाहन चालकों पर नकेल कसने के लिए कार्रवाई भी करती है। अब इस व्यवस्था को मजबूती प्रदान के लिए एनएच किनारे विभिन्न स्थानों पर स्प्रिंग पोस्ट लगाए जाएंगे। वर्तमान में शहर के कई हिस्सों में लगे स्प्रिंग पोस्ट या तो टूट चुके हैं या फिर अपनी जगह से उखड़ गए हैं। ऐसे में वाहन चालक बिना किसी रोक-टोक के सड़क किनारे पार्किंग कर रहे हैं। प्रशासन ने इन स्थानों का सर्वे कर लिया है और प्राथमिकता के आधार पर नए स्प्रिंग पोस्ट लगाने की योजना तैयार की गई है। स्प्रिंग पोस्ट इस तरह से लगाए जाएंगे कि वाहन सड़क के किनारे पार्क न हो सकें और पैदल चलने वालों के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध रहे। इसके साथ ही जहां जरूरत होगी, वहां अतिरिक्त ट्रैफिक संकेतक और चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे ताकि लोगों को स्पष्ट रूप से नियमों की जानकारी मिल सके।आने वाले समय में शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अन्य सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएंगे। स्प्रिंग पोस्ट लगाने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। -सचिन हिरेमठ, पुलिस अधीक्षक ऊना
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 27, 2026, 23:52 IST
Una News: ऊना शहर में एनएच किनारे लगाए जाएंगे स्प्रिंग पोस्ट #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
