Sonipat News: खेल विज्ञान और अनुसंधान को मिलेगी नई उड़ान, खेल विवि और डीपीएसआरयू में हुआ एमओयू

संवाद न्यूज एजेंसीसोनीपत। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई और दिल्ली फार्मास्यूटिकल साइंसेज एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (डीपीएसआरयू), नई दिल्ली ने खेल विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा देने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत दोनों विश्वविद्यालय खेल विज्ञान, खेल फिजियोथेपी, आहार एवं पोषण, सार्वजनिक स्वास्थ्य, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डेटा विश्लेषण सहित विभिन्न उभरते क्षेत्रों में संयुक्त शोध, नवाचार आधारित परियोजनाएं और शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करेंगे।समझौते के तहत दोनों संस्थान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं के लिए संयुक्त रूप से अनुदान प्राप्त करने, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के मार्गदर्शन, संकाय एवं शोधकर्ताओं के आदान-प्रदान तथा प्रयोगशालाओं, वैज्ञानिक उपकरणों और तकनीकी संसाधनों के साझा उपयोग को भी बढ़ावा देंगे। इसके साथ ही कार्यशालाओं, संगोष्ठियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, सम्मेलनों और खेल आयोजनों का भी संयुक्त रूप से आयोजन किया जाएगा। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने कहा कि यह समझौता केवल औपचारिकता नहीं बल्कि खेल अनुसंधान और वैज्ञानिक नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डीपीएसआरयू की आधुनिक अनुसंधान सुविधाएं और हरियाणा खेल विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाएं मिलकर खिलाड़ियों के वैज्ञानिक प्रशिक्षण, पोषण और प्रदर्शन सुधार के नए मानक स्थापित करेंगी।डीपीएसआरयू के कुलपति प्रो. रविचंद्रन वी. ने कहा कि दोनों विश्वविद्यालयों की विशेषज्ञता एक-दूसरे की पूरक हैं। इस सहयोग से खेल विज्ञान, औषधीय विज्ञान, सार्वजनिक स्वास्थ्य और खेल फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को गति मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को ज्ञान एवं अनुभव साझा करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।एमओयू पर हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलसचिव जसविंदर सिंह तथा डीपीएसआरयू के कुलसचिव रामचंद्र खत्री ने दोनों कुलपतियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। इस दौरान डॉ. जितेंद्र मुंजाल, प्रो. योगेश चंद्र, प्रो. अशोक शर्मा, डॉ. जीएल खन्ना, डॉ. विवेक कुमार सिंह, डॉ. शीतल कालरा, प्रो. राजेंद्र प्रसाद गर्ग, अन्नू तथा डॉ. गोपाल आदि मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 09, 2026, 17:26 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Sonipat News: खेल विज्ञान और अनुसंधान को मिलेगी नई उड़ान, खेल विवि और डीपीएसआरयू में हुआ एमओयू #SportsScienceAndResearchSetForAMajorBoost;MoUSignedBetweenSportsUniversityAndDPSRU. #SubahSamachar