Meerut News: मेरठ कॉलेज में वीर रस और एकता का उद्बोधन

मेरठ। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मेरठ कॉलेज का प्रांगण देशभक्ति, साहित्य और राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत हो उठा, जब कॉलेज में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात वीर रस के कवि डॉ. हरिओम पंवार रहे, जिनकी ओजस्वी वाणी और राष्ट्रप्रेम से भरी कविताओं ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।डॉ. हरिओम पंवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का भारत आत्मविश्वास से परिपूर्ण, सशक्त और वैश्विक मंच पर निर्णायक भूमिका निभाने वाला राष्ट्र बन चुका है। उन्होंने काव्यात्मक शैली में देश के विभाजन, बंगाल विभाजन तथा 1971 में बांग्लादेश के निर्माण जैसी ऐतिहासिक घटनाओं का सजीव चित्रण करते हुए बताया कि विभाजन की पीड़ा ने भारत की आत्मा को गहरे घाव दिए, जबकि एकता और अखंडता ने उसे बार-बार संबल प्रदान किया। उनकी कविताओं में राष्ट्र के स्वाभिमान, वर्तमान भारत की दृढ़ता और भविष्य की संभावनाओं की स्पष्ट झलक देखने को मिली, जिसने युवाओं में जोश और चेतना का संचार किया।कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने कहा कि राष्ट्र एक है, भले ही उसे बांटने की कोशिशें अनेक रही हों। समय की मांग है कि सभी शक्तियां एकजुट होकर देश की मजबूती के लिए कार्य करें। कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. ओपी अग्रवाल ने संविधान को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पथप्रदर्शक बताया। कॉलेज सचिव विवेक कुमार गर्ग ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन इतिहास विभाग की प्रो. अर्चना सिंह ने किया। एनसीसी अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार के नेतृत्व में प्रस्तुत एनसीसी परेड और गार्ड ऑफ ऑनर ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। लगभग 600 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में डॉ. चंद्रशेखर भारद्वाज, एडवोकेट प्रभात शर्मा, डॉ. कपिल शर्मा, प्रो. पंजाब सिंह मलिक, डॉ. सीमा पवार, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. अनिल राठी एवं डॉ. नीरज कुमार का योगदान रहा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jan 28, 2026, 03:13 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Meerut News: मेरठ कॉलेज में वीर रस और एकता का उद्बोधन #SpeechOnHeroismAndUnityAtMeerutCollege #SubahSamachar