Rewari News: रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाया विशेष सर्च अभियान

रेवाड़ी। जिले में अनाधिकृत रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए बुधवार को पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान ईंट-भट्टों, झुग्गी-झोपड़ियों, होटल, पोल्ट्री फार्म और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जांच की गई।पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देशन तथा डीएसपी मुख्यालय डॉ. रविंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में स्पेशल सेल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह ने स्थानीय पुलिस और स्वाॅट टीम के साथ थाना जाटूसाना एवं रोहड़ाई क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान बाहरी श्रमिकों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। पुलिस ने वाहनों के दस्तावेज भी जांचे। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में रह रहे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन करना और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि जिले में किसी भी व्यक्ति को अनाधिकृत रूप से रहने की अनुमति नहीं है। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। एसपी ने जिलावासियों से अपील की कि वे अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन (वेरिफिकेशन) अनिवार्य रूप से कराएं। यदि कोई व्यक्ति बिना सत्यापन के किसी को अपने यहां रखता है और भविष्य में नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 18:57 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rewari News: रोहिंग्या व बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए चलाया विशेष सर्च अभियान #SpecialSearchOperationLaunchedToIdentifyRohingyaAndBangladeshiNationals. #SubahSamachar