Sonbhadra News: मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट से युवक की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; मातम
सोनभद्र में कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला नेरुईयादामर में शनिवार रात मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अनुज गिरी (30) पुत्र श्यामलाल गिरी के रूप में हुई है। शनिवार रात करीब नौ बजे वह अपने घर में मोबाइल चार्जर बिजली बोर्ड में लगा रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों ने तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रविवार सुबह कोन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट लगने से युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 05, 2026, 15:00 IST
Sonbhadra News: मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट से युवक की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; मातम #CityStates #Varanasi #SonbhadraPolice #SonbhadraNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #TopNews #SubahSamachar
