Aligarh News: बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर की पिता की हत्या, दोनों गिरफ्तार
थाना क्वार्सी क्षेत्र में पंजीपुर नाले के पास मिले एक शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा लिया है। दूसरे निकाह और संपत्ति विवाद में बेटे रिहान ने अपने दोस्त समीर के साथ मिलकर पिता बादशाह अली (40) की हत्या की थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक 17 जुलाई की रात को थाना क्वार्सी क्षेत्र के गांव पंजीपुर में नाले के पास एक व्यक्ति का लहूलुहान शव मिला था। शव पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। शनिवार को मृतक की पहचान बादशाह अली निवासी नगला सरूआ, थाना चंडौस, अलीगढ़ के रूप में हुई। मृतक के पिता यासीन खां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा 17 जुलाई को दीवानी कचहरी में तारीख पर गया था, उसके बाद घर नहीं लौटा। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। थाना क्वार्सी पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो शक की सुई मृतक के परिवार पर ही घूमी। पुलिस ने घेराबंदी कर मृतक के बेटे रिहान और उसके दोस्त समीर निवासी जलालपुर, थाना रोरावर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रिहान ने हत्या की बात स्वीकार ली। क्षेत्राधिकारी तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि बादशाह अली की हत्या उसके बेटे रिहान ने ही अपने दोस्त समीर के साथ मिलकर की थी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।मां को करता था प्रताडि़त, मुझे करना चाहता था बेघरआरोपी रिहान ने बताया कि 20 वर्ष पूर्व उसके पिता बादशाह अली का निकाह उसकी मां नगीना के साथ हुआ था। कुछ समय बाद पिता ने उसकी मां के रहते हुए ही एक दूसरी महिला से निकाह कर लिया। इसके बाद से ही ली रिहान की मां को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। मुझे भी बेघर करना चाह रहा था।पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि प्रताड़ना और विवाद इस हद तक बढ़ गया था कि मां और पिता के बीच एक प्लॉट को लेकर दीवानी अदालत में मुकदमा चल रहा था। करीब छह महीने पहले तनाव के चलते मां नगीना की मौत हो गई। इससे रिहान के मन में पिता के प्रति नफरत और गहरी हो गई। मां की मौत के बाद बादशाह अली अपनी दूसरी पत्नी को महफूज नगर स्थित उस मकान में लाने की जिद करने लगा। इसमें रिहान और उसकी मां रहते थे। बादशाह अली वह मकान अपनी दूसरी पत्नी के नाम करने की धमकी दे रहा था। रिहान को लगा कि उसका पिता उसे बेघर कर देगा।मेलरोज चौराहे पर रची साजिश, नगला किला के पास की हत्याबादशाह अली गांव में ही बकरी पालन का काम करता था। मकान खोने के डर और मां की मौत के बदले की आग में जल रहे रिहान ने अपने दोस्त समीर के साथ मिलकर पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 17 जुलाई को जब बादशाह अली दीवानी से लौट रहा था, तब रिहान ने फोन कर उसे मेलरोज चौराहे पर बुलाया।वहां रिहान और उसका दोस्त समीर एक बाइक पर बादशाह अली को साथ बैठाकर नगला किला के पास सुनसान इलाके में ले गए। वहां दोनों ने मिलकर धारदार हथियार से बादशाह अली पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के मकसद से उन्होंने शव को पंजीपुर नाले के पास फेंक दिया। बादशाह अली की गर्दन के साथ साथ पेट, चेहरे और हाथ-पैर पर भी चाकुओं के निशान पाए गए हैं।पंजीपुर नाले पर मिले शव की शिनाख्त बादशाह अली के रूप में हुई। शनिवार को 24 घंटे के अंदर ही घटना का खुलासा कर दिया है। बादशाह अली की हत्या उसके बेटे रिहान ने ही अपने दोस्त समीर के साथ मिलकर की थी। उनके पास से घटना में प्रयुक्त सामग्री और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। - सर्वम सिंह, क्षेत्राधिकारी तृतीय
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 19, 2026, 02:51 IST
Aligarh News: बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर की पिता की हत्या, दोनों गिरफ्तार #AligarhNewscrimeNewssonKilledFather #SubahSamachar
