Ayodhya News: कक्षा पांच के गणित की जगह सामाजिक विज्ञान के निकले प्रश्नपत्र
अयोध्या। परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र वितरण में लापरवाही सामने आई है। कक्षा पांच के गणित विषय के लिफाफे में सामाजिक विज्ञान के प्रश्नपत्र पहुंच गए, जिससे कई विद्यालयों में परीक्षा प्रभावित हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने जांच के आदेश दिए हैं।जिले के 1791 परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा आयोजित की जा रही है। शनिवार को निर्धारित परीक्षा से पहले जब विद्यालयों में प्रश्नपत्रों के लिफाफे खोले गए तो कक्षा पांच के गणित के लिफाफे में सामाजिक विज्ञान के प्रश्नपत्र मिले। कई विद्यालयों में गणित का प्रश्नपत्र उपलब्ध ही नहीं था। वहीं कक्षा आठ में गणित और विज्ञान के प्रश्नपत्र छात्रों की संख्या से कम पहुंचे।कंपोजिट विद्यालय थरियाकला में कक्षा पांच के दोनों लिफाफों में सामाजिक विज्ञान का ही पेपर मिला और गणित का प्रश्नपत्र नहीं था। न्याय पंचायत टिकरी के विद्यालयों में भी कक्षा पांच गणित और सामाजिक विज्ञान दोनों लिफाफों में सामाजिक विज्ञान का पेपर ही पाया गया। प्राथमिक विद्यालय तारडीह में भी दोनों पैकेटों में सामाजिक विज्ञान का प्रश्नपत्र मिला और गणित का पेपर नहीं था। कंपोजिट विद्यालय रौहारी में कक्षा आठ में केवल गणित का पेपर आया जबकि विज्ञान का एक भी पेपर नहीं पहुंचा, वहीं कक्षा पांच में दोनों लिफाफों में सामाजिक विज्ञान का ही प्रश्नपत्र मिला। बीएसए लालचंद ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिल रही है, जांच कराई जा रही है। दो बार रद्द हुई थी परीक्षा जिले में परीक्षा 16 से 20 मार्च तक परीक्षा आयोजित की जानी थी। किसी कारण से कक्षा पांच और आठ की परीक्षा रद्द कर 24 मार्च को कराने का निर्णय लिया गया। लेकिन यह परीक्षा 24 मार्च को भी नहीं हुई। जिसके बाद 28 मार्च को कक्षा पांच के गणित और सामाजिक विषय और कक्षा आठ के गणित और विज्ञान विषय की परीक्षा निर्धारित थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 28, 2026, 20:45 IST
Ayodhya News: कक्षा पांच के गणित की जगह सामाजिक विज्ञान के निकले प्रश्नपत्र #SocialScienceQuestionPapersWereIssuedInsteadOfMathematicsPapersForClass5 #SubahSamachar
