अध्ययन: स्मार्टफोन युग के बाद अमेरिका में तेजी से गिरी जन्मदर; डिजिटल संवाद ने ली मिलने-जुलने और डेटिंग की जगह

अमेरिका में पिछले दो दशकों से लगातार घट रही जन्मदर को लेकर एक ताजा अध्ययन में दावा किया गया है कि 2007 में स्मार्टफोन युग की शुरुआत के बाद जन्मदर में आई तेज गिरावट केवल आर्थिक कारणों का परिणाम नहीं हो सकती, बल्कि स्मार्टफोन के तेजी से प्रसार ने भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शोधकर्ताओं के अनुसार 2007 से 2011 के बीच अमेरिका की कुल प्रजनन दर में आई गिरावट का लगभग एक-तिहाई से आधा हिस्सा स्मार्टफोन के शुरुआती प्रसार से जुड़ा हो सकता है। मिडलबरी कॉलेज और नेशनल ब्यूरो ऑफ इकोनॉमिक रिसर्च से जुड़े शोधकर्ताओं कैटलिन मायर्स और एजेकियल हूपर द्वारा तैयार इस अध्ययन में वर्ष 2007 को एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया गया है। इसी वर्ष एप्पल ने पहला आईफोन लॉन्च किया था। अध्ययन में 2007 से 2011 के बीच एटी एंड टी मोबाइल ब्रॉडबैंड नेटवर्क के विस्तार का विश्लेषण किया गया। शुरुआती वर्षों में आईफोन केवल इसी नेटवर्क पर उपलब्ध था, इसलिए शोधकर्ताओं ने नेटवर्क कवरेज को स्मार्टफोन पहुंच का संकेतक माना। शोधकर्ताओं ने विभिन्न अमेरिकी काउंटियों में मोबाइल ब्रॉडबैंड की उपलब्धता और जन्मदर में हुए बदलावों की तुलना की। परिणामों में पाया गया कि जिन क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक आबादी को शुरुआती दौर में स्मार्टफोन नेटवर्क की पहुंच मिली, वहां जन्मदर में गिरावट उन क्षेत्रों की तुलना में कहीं अधिक थी जहां 10 प्रतिशत से कम आबादी तक यह सुविधा पहुंची थी। समय, ध्यान और सामाजिक संपर्क का तरीका बदला अध्ययन स्मार्टफोन और जन्मदर के बीच प्रत्यक्ष कारण-परिणाम संबंध स्थापित नहीं करता, लेकिन शोधकर्ताओं का मानना है कि स्मार्टफोन ने लोगों के समय, ध्यान और सामाजिक संपर्क के तरीकों को बदल दिया। उनके अनुसार आमने-सामने मिलने-जुलने, डेटिंग और सामाजिक गतिविधियों की जगह धीरे-धीरे डिजिटल संवाद ने ले ली। इससे व्यक्तिगत संबंधों और यौन गतिविधियों की आवृत्ति पर असर पड़ा है। अध्ययन में यह भी कहा गया है कि ऑनलाइन मनोरंजन और इंटरनेट आधारित गतिविधियों के बढ़ते उपयोग ने युवाओं के सामाजिक व्यवहार में बदलाव लाया, जिससे अनियोजित गर्भधारण की घटनाएं कम हुईं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 13, 2026, 01:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




अध्ययन: स्मार्टफोन युग के बाद अमेरिका में तेजी से गिरी जन्मदर; डिजिटल संवाद ने ली मिलने-जुलने और डेटिंग की जगह #World #International #UsBirthRate #SubahSamachar