Hamirpur (Himachal) News: सड़क निर्माण की धीमी गति से बढ़ी लोगों की परेशानी

टिक्करी से ग्वाटा सड़क का किया जा रहा निर्माण तीन माह में खोदाई और डंगे लगाने का कार्य नहीं हुआ पूरासंवाद न्यूज एजेंसी भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत टिक्करी से ग्वाटा वाया सुंगरवाड़, समलोग सड़क का कार्य तीन माह से धीमी गति से किया जा रहा है। इस कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत टिक्करी से ग्वाटा तक सड़क निर्माण पर चार करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। इसके तहत सड़क की खोदाई और डंगे लगाने का काम शुरू किया गया है। तीन माह में खोदाई और डंगे लगाने का कार्य ही पूरा नहीं हो पाया। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग उठाई है। कई जगह सड़क किनारे मिट्टी और मलबा पड़ा हुआ है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सड़क निर्माण की धीमी गति के कारण लोगों का रोजाना सफर करना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह खोदाई होने से मार्ग संकरा हो गया है। कई हिस्सों में वाहनों का आवागमन जोखिम भरा बन गया है। बरसात में हालात और बिगड़ सकते हैं। बारिश में मलबा सड़क पर आने और कटाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों अनीश, संतोष, विजय, सुरेंद्र, अजय आदि ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की कई पंचायतों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। वर्षों से बेहतर सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को अब निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार के कारण निराशा का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि दो दिन में कार्य दोबारा शुरू हो जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 03, 2026, 17:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Hamirpur (Himachal) News: सड़क निर्माण की धीमी गति से बढ़ी लोगों की परेशानी #SlowPaceOfRoadConstructionIncreasesPeople'sProblems #SubahSamachar