Una News: चंडीगढ़-ऊना हाईवे पर सरकार के खिलाफ लगाए नारे

नंगल (ऊना)। हिमाचल सरकार की ओर से हिमाचल में प्रवेश के नाम पर लगाए गए एंट्री टैक्स के विरोध में चल रहे संघर्ष को अब श्री आनंदपुर साहिब की विभिन्न टैक्सी यूनियनों का भी पूर्ण समर्थन मिल गया है। इस संबंध में चंडीगढ़-ऊना हाईवे पर टैक्सी चालकों और यूनियन नेताओं ने एकत्रित होकर हिमाचल की सुक्खू सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस अवसर पर कन्वीनर गौरव राणा, किसान नेता सेठी शर्मा और संयुक्त किसान मोर्चा के जिला कन्वीनर धर्मपाल सैनी माजरा के नेतृत्व में टैक्सी यूनियन के कई नेता और चालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान अध्यक्ष तेलूराम सहित राजपाल, रिंकू शर्मा, हरदीप कुमार, दविंदर सिंह, सुनील कुमार, सौरव कुमार, दर्शन सिंह, महिंद्र सिंह, रामपाल, अशोक कुमार, रामपाल झज्जर, मनप्रीत सिंह, सौरव गांधी, सन्नी, गुरचरण सिंह, रवि कुमार सहित करीब सौ टैक्सी चालकों ने संघर्ष के पक्ष में अपने समर्थन की घोषणा की।नेताओं ने कहा कि 16 मार्च को मनाली हाईवे पर कीरतपुर साहिब के पास मोड़ा टोल प्लाजा पर होने वाले प्रदर्शन में श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र की टैक्सी यूनियनें बड़ी संख्या में शामिल होंगी और सरकार को इस अन्यायपूर्ण निर्णय को वापस लेने के लिए मजबूर करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यह एंट्री टैक्स रद्द नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा और हर तरह के आंदोलन में भाग लिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल सरकार 1975 के टोल एक्ट का गलत हवाला देकर लोगों को गुमराह कर रही है। सरकार का दावा है कि यह टैक्स सड़कों के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के लिए लगाया गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि मनाली हाईवे अब नेशनल हाईवे बन चुका है और इस पर टोल की वसूली टोल कंपनी की ओर से की जा रही है। ऐसी स्थिति में एंट्री टैक्स के नाम पर लगाया गया यह शुल्क पूरी तरह से अवैध है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 14, 2026, 19:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: चंडीगढ़-ऊना हाईवे पर सरकार के खिलाफ लगाए नारे #SlogansRaisedAgainstTheGovernmentOnTheChandigarh-UnaHighway #SubahSamachar