Meerut News: बाइक सवार छह युवकों ने की फायरिंग

संवाद न्यूज एजेंसीपरीक्षितगढ़। ऐंची खुर्द में जय सिंह मार्ग स्थित एक मकान पर तीन बाइकाें पर सवार होकर पहुंचे छह नकाबपोश युवकों ने आयुष के पिता से उसके बारे में पूछा। पिता द्वारा जानकारी होने से इन्कार करने पर नकाबपोश युवकों ने तमंचों से फायरिंग की। पीड़ित का परिवार बाल-बाल बचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पीड़ित पिता ने एक नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।गांव ऐंची खुर्द निवासी डिगपाल उर्फ वरण सिंह का गांव से एक किलोमीटर बाहर जयसिंहपुर वाले रास्ते पर मकान है। शनिवार दोपहर तीन बाइकों पर सवार छह नकाबपोश युवक वहां पहुंचे और डिगपाल से उसके पुत्र आयुष के बारे में पूछा। पिता के मना करने पर उक्त युवकों ने तमंचों से फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर खेतों में गेहूं की फसल की कटाई का कार्य कर रहा पीड़ित का भाई गजेंद्र व आसपास के किसान उस और दौड़े। उन्हें आते देख हमलावर युवक जान से मारने की धमकी देते हुए और हवा में तमंचे लहराते हुए मौके से भाग गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और जानकारी लेकर थाने लौट गई। पीड़ित डिगपाल ने गांव निवासी एक युवक के नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष सुदीश सिरोही ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिल गई है। घटना संदिग्ध प्रतीत लग रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 25, 2026, 20:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Meerut News: बाइक सवार छह युवकों ने की फायरिंग #SixYouthsRidingABikeOpenedFire #SubahSamachar