Rajasthan : सड़क पर पसरा मौत का सन्नाटा! आपस में टकराए छह वाहन; एक की मौत, हाईवे जाम
राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो ट्रकों समेत छह वाहन आपस में टकरा गए। हादसा इतना भयावह था कि एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिसके नीचे दबने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की शुरुआत अचानक सामने आए वाहनों के कारण हुई। इसके बाद पीछे से आ रहे वाहन एक-दूसरे से टकराते चले गए और कुछ ही पलों में छह वाहन दुर्घटना की चपेट में आ गए। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर विधायक भी पहुंचे सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निकालने का प्रयास किया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक हाकम अली खान भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सबसे कठिन चुनौती ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने की थी। पुलिस, स्थानीय लोगों और क्रेन की सहायता से कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं पलटे हुए ट्रक के नीचे दबे चालक को निकालने के लिए भी प्रयास किए गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ये भी पढ़ें-Monsoon :अगले कुछ घंटे राजस्थान पर भारी! तीन जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट; IMD ने दी चेतावनी बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 08, 2026, 05:48 IST
Rajasthan : सड़क पर पसरा मौत का सन्नाटा! आपस में टकराए छह वाहन; एक की मौत, हाईवे जाम #CityStates #Rajasthan #Sikar #SikarRoadAccident #FatehpurHighwayAccident #RajasthanRoadAccident #SikarNews #TruckAccident #HighwayCrash #SixVehiclesCollision #RajasthanNews #SubahSamachar
