खोजिपुर वन: जंगल में छिपाकर रखी 6 भरुवा बंदूकें, पुलिस ने बरामद किया हथियारों का जखीरा-जांच जारी
सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में पुलिस ने सामुदायिक वन में छिपाकर रखी गई छह नाल भरुवा बंदूकें बरामद की हैं। हथियार लावारिस अवस्था में मिले हैं। पुलिस ने सभी बंदूकें कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला पुलिस कार्यालय कपिलवस्तु, तौलिहवा के अनुसार, वाणगंगा नगरपालिका-9 जिनुवा स्थित खोजिपुर सामुदायिक वन में भरुवा बंदूकें छिपाकर रखे जाने की विशेष सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर इलाका प्रहरी कार्यालय पिपरा से पुलिस टीम गठित कर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सामुदायिक वन में तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने जंगल के भीतर विभिन्न स्थानों पर तलाशी ली। इसी दौरान एक जगह पर छिपाकर रखी गईं छह नाल भरुवा बंदूकें बरामद हुईं। आसपास कोई व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने हथियारों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला पुलिस कार्यालय के प्रहरी निरीक्षक दीपक कुंवर ने बताया कि बरामद हथियारों को जंगल में किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा था, इसकी जांच की जा रही है। मामले से जुड़े संभावित लोगों की पहचान और तलाश के लिए भी पुलिस टीम जुटी है। पुलिस बरामद बंदूकों की तकनीकी जांच के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनका इस्तेमाल पहले किसी आपराधिक गतिविधि में तो नहीं हुआ। घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 13:40 IST
खोजिपुर वन: जंगल में छिपाकर रखी 6 भरुवा बंदूकें, पुलिस ने बरामद किया हथियारों का जखीरा-जांच जारी #CityStates #Gorakhpur #SiddharthNagar #CrimeNews #UpNews #SubahSamachar
