Mandi News: मांगें पूरी करने के लिए दिया छह दिन का समय
संधोल अस्पताल में विशेषज्ञों की नियुक्ति की मांग लोगों ने 13 जुलाई से अमरण अनशन की दी चेतावनी संवाद न्यूज एजेंसी संधोल (मंडी)। नागरिक अस्पताल संधोल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग पर चल रहा जन आंदोलन सोमवार को 9वें दिन निर्णायक चरण में पहुंचा। लोगों ने बारिश के बीच संधोल से तहसील कार्यालय तक रैली निकाली। तहसीलदार प्रिंस धीमान के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्य न्यायाधीश, सूचना प्रसारण मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्री, स्थानीय विधायक, जिलाधीश, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और खंड चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन भेजा गया। लोगों ने ज्ञापन सौंपते हुए मांगों को पूरा करने के लिए छह दिन का समय दिया। चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 13 जुलाई से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। बारिश के बीच करीब 20 महिला मंडलों की सदस्य रैली में हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर तहसील पहुंचीं।ज्ञापन सौंपने के बाद आंदोलनकारी नागरिक अस्पताल संधोल पहुंचे, जहां उन्होंने बीएमओ का घेराव कर अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी नाराजगी जताई। बीएमओ धर्मपाल से सवाल किया कि धरना स्थल अस्पताल से महज कुछ कदमों की दूरी पर होने के बावजूद वे आंदोलनकारियों से मिलने या उनकी समस्याएं जानने के लिए अब तक क्यों नहीं पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बीएमओ को ज्ञापन की प्रतिलिपि भी सौंपी।युवाशक्ति संघर्ष समिति के अध्यक्ष अविनाश भनवाल ने कहा कि अधिकारियों को जनता के साथ खड़ा होकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना चाहिए। धर्मपुर क्षेत्र को आठ चिकित्सक मिले हैं। स्पष्ट किया कि जब तक नागरिक अस्पताल संधोल में दो मेडिसिन विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, ओटी सहित सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जातीं तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। आंदोलन के 9वें दिन टैक्सी यूनियन की ओर से जोगिंद्र सिंह और साहिल जनक क्रमिक अनशन पर बैठे। वहीं, भाजपा प्रदेश महासचिव संजीव कटवाल ने सोमवार सुबह धरना स्थल पर पहुंचकर युवाओं का मनोबल बढ़ाया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 06, 2026, 17:20 IST
Mandi News: मांगें पूरी करने के लिए दिया छह दिन का समय #SixDaysGivenToMeetTheDemands. #SubahSamachar
