Jhunjhunu Crime: झुंझुनू में करोड़ों की डकैती का पर्दाफाश, यूपी के अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 बदमाश गिरफ्तार

झुंझुनूं शहर में आधी रात हथियारों के बल पर एक परिवार को बंधक बनाकर अंजाम दी गई सनसनीखेज करोड़ों रुपये की डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल वारदात में शामिल उत्तर प्रदेश के अंतर्राज्यीय गिरोह के छह बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्कॉर्पियो गाड़ियां भी बरामद की हैं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में लगातार दबिश दी। घटना 21 जून की देर रात मलसीसर रोड स्थित गाय वाली मूर्ति की गली की है। परिवार गहरी नींद में था, तभी 4 से 5 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश मकान में घुस आए। बदमाशों ने परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज तथा सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर तक लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सुबह घटना सामने आने पर इलाके में हड़कंप मच गया। पढ़ें:'NDA में नहीं जाएंगे, 2028 में तीसरे मोर्चे के साथ लड़ेंगे चुनाव':हनुमान बेनीवाल का बड़ा एलान; आगे क्या कहा घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने पांच विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच के दौरान दो संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहनों का सुराग मिला, जिनके जरिए बदमाश झुंझुनूं से हिसार, सोनीपत होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचे थे। पुलिस टीमों ने बागपत, मेरठ, नोएडा, दिल्ली-एनसीआर, हिसार, सीकर, चूरू और जयपुर समेत कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से पहले राशिद, सतार और सरफराज उर्फ भुटन को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर दूसरी टीम ने दिल्ली-अलवर एक्सप्रेसवे पर नाकाबंदी कर गिरोह के मुख्य सदस्य राजीव उर्फ राजू खटा, जाहिद उर्फ लंबू और आरिफ को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न राज्यों में सुनियोजित तरीके से डकैती की वारदातों को अंजाम देता रहा है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में गिरोह की अन्य वारदातों, फरार साथियों और लूटे गए माल के संबंध में भी अहम खुलासे होंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 02, 2026, 18:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Jhunjhunu Crime: झुंझुनू में करोड़ों की डकैती का पर्दाफाश, यूपी के अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 बदमाश गिरफ्तार #CityStates #Crime #Jhunjhunu #Rajasthan #JhunjhunuNews #JhunjhunuViralNews #JhunjhunuLatestNews #JhunjhunuHindiNews #SubahSamachar