Kangra News: नशे पर चोट.. 37.68 ग्राम चिट्टे के साथ छह गिरफ्तार, तीन वाहन जब्त
धर्मशाला/नूरपुर (कांगड़ा)। पुलिस जिला कांगड़ा और नूरपुर की पुलिस टीमों ने तीन अलग-अलग मामलों में कुल 37.68 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल दो चौपहिया वाहनों और एक बाइक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। सभी मामलों में मादक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहली कार्रवाई पुलिस थाना नगरोटा बगवां की टीम ने की। पुलिस ने मंगलवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर ट्रैफिक कार्यालय नगरोटा बगवां के पास एक पिकअप गाड़ी को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने गाड़ी में सवार प्रवीण कुमार निवासी व्याड़ा (पालमपुर), अंकुश निवासी रक्कड़ (बैजनाथ) और अनिल निवासी अंदरेटा (पालमपुर) को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया।दूसरी कार्रवाई सीआईए टीम ने पुलिस थाना कांगड़ा के तहत हनुमान घाट (कांगड़ा बाईपास) पर की। टीम ने एक कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार अमन राणा (31) और पार्थ शर्मा (20) दोनों निवासी टंग नरवाना (धर्मशाला) के कब्जे से 6.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ कर नशे की खेप के मुख्य स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।तीसरा मामला पुलिस जिला नूरपुर का है। सीआईए टीम ने छतरोली क्षेत्र में दबिश देकर 16.02 ग्राम चिट्टे के साथ पंजाब के एक युवक को गिरफ्तार किया है। एएसपी धर्म चंद वर्मा ने कहा कि गुप्त सूचना पर छतरोली के पास एक बाइक की तलाशी ली गई। इस दौरान डैशबोर्ड में छिपाई पारदर्शी पॉलीथीन की पुड़िया से 16.02 ग्राम चिट्टा मिला। पुलिस ने आरोपी अजय कुमार निवासी हरियाल, तहसील व जिला पठानकोट (पंजाब) को गिरफ्तार कर बाइक जब्त कर ली है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 18:55 IST
Kangra News: नशे पर चोट.. 37.68 ग्राम चिट्टे के साथ छह गिरफ्तार, तीन वाहन जब्त #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
