Bihar: बिहार के सरपंच की यूपी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों में मचा कोहराम; जांच में जुटी पुलिस

सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र स्थित बभनबारा गांव निवासी एवं हरदोबारा पंचायत के सरपंच विनोद कुशवाहा की उत्तर प्रदेश के खानपुर क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह पिछले एक सप्ताह से लापता थे। मंगलवार देर रात उनकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल परिजनों के मुताबिक, विनोद कुशवाहा करीब एक सप्ताह पहले घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन और रिश्तेदारों से संपर्क के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच उत्तर प्रदेश से सूचना मिली कि खानपुर क्षेत्र में उनकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य तत्काल उत्तर प्रदेश के लिए रवाना हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई मौत से लोग स्तब्ध सरपंच की मौत की खबर फैलते ही बभनबारा गांव और हरदोबारा पंचायत में मातम छा गया। ग्रामीणों ने बताया कि विनोद कुशवाहा मिलनसार और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहने वाले जनप्रतिनिधि थे। उनकी अचानक हुई मौत से लोग स्तब्ध हैं। गांव में घटना को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं। यूपी पुलिस के संपर्क में है सीवान पुलिस बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने फोन पर घटना की सूचना दी है। प्रारंभिक जानकारी में मामला आत्महत्या का बताया गया है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। सीवान पुलिस भी उत्तर प्रदेश पुलिस के संपर्क में है और मामले की हर गतिविधि पर नजर रख रही है। ये भी पढ़ें-शराब, झूठ और ड्रामा! क्लर्क ने खुद रची किडनैपिंग की साजिश, रातभर दौड़ती रही पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति इधर, परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने नहीं आ जाती, तब तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने भी कहा है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 29, 2026, 06:40 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bihar: बिहार के सरपंच की यूपी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों में मचा कोहराम; जांच में जुटी पुलिस #CityStates #Crime #Bihar #Saran #SiwanNews #VinodKushwaha #SarpanchDeath #HardobaraPanchayat #BabhanbaraVillage #BarhariaPoliceStation #KhanpurUp #SuspiciousDeath #BiharCrimeNews #MissingSarpanch #SubahSamachar