Agra News: राष्ट्रीय ताइक्वांडो निर्णायक सेमिनार में सिखाए गए संकेत, चाल-ढाल और दंड नियम
आगरा। पश्चिमपुरी, सिकंदरा स्थित हिलमैन पब्लिक स्कूल के इंडोर हॉल में ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन एवं जिला ताइक्वांडो संघ के सहयोग से राष्ट्रीय निर्णायक (फाइट) फ्रेशर, रिफ्रेशर सेमिनार हो रही है। तीसरे दिन रविवार को प्रतिभागियों को मुकाबलों के दौरान प्रयुक्त हाथों के संकेत, पैरों की स्थिति, गतिविधियां और पूरे एरिना में तेज गति से संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव मास्टर पंकज शर्मा ने बताया कि आंध्र प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय निर्णायक संतोष श्रीरंगम ने प्रतिभागियों को मुकाबलों के दौरान प्रयुक्त तकनीकों, संकेतों और नियमों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने गामजूम दंड के तहत कमर के नीचे प्रहार करना, प्रतिद्वंद्वी को पकड़ना या धक्का देना, पैर पकड़ना, अनावश्यक रूप से मुकाबले से बचना, चोट का बहाना बनाना, खिलाड़ी अथवा प्रशिक्षक की ओर से अपशब्द कहना, मुकाबले में व्यवधान उत्पन्न करना, एरिना से बाहर जाना व किक को रोककर रखना जैसी त्रुटियों की जानकारी दी। प्रत्येक गामजूम दंड पर विरोधी खिलाड़ी को एक अंक मिलता है और एक राउंड में पांच गामजूम दंड मिलने पर संबंधित खिलाड़ी वह राउंड हार जाता है। तीन राउंड में से दो राउंड जीतने वाला खिलाड़ी विजेता घोषित होता है। प्रशिक्षण के दौरान अनुमत तकनीकों, टखने की हड्डी के नीचे प्रहार की वैधता, ट्रंक प्रोटेक्टर और हेड प्रोटेक्टर पर मिलने वाले अंकों की प्रणाली की भी जानकारी दी गई।ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रभात कुमार शर्मा ने आगरा में पहली बार आयोजन की सराहना की। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव अनिल कुमार व कोषाध्यक्ष सरदार अजय पाल सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। सेमिनार में प्रायोगिक अभ्यास, प्रोजेक्टर के माध्यम से सैद्धांतिक प्रशिक्षण, अनुशासन तथा निष्पक्ष निर्णय की विशेष शिक्षा भी दी जा रही है। इस दौरान संगीता शर्मा, अविनाश पोखरियाल और अंशु पोखरियाल आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 02:36 IST
Agra News: राष्ट्रीय ताइक्वांडो निर्णायक सेमिनार में सिखाए गए संकेत, चाल-ढाल और दंड नियम #Signals #Movements #AndPenaltyRulesTaughtAtTheNationalTaekwondoRefereeSeminar. #SubahSamachar
