Kurukshetra News: दो दुकानों के शटर उखाड़े, तीन जगह की चोरी

शाहाबाद। चोरों ने एक ही रात में दो दुकानों के शटर उखाड़ दिए और एक अन्य दुकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से दुकानदारों में रोष और दहशत का माहौल है। चोरी की सबसे बड़ी वारदात लाडवा रोड स्थित शुगरमिल के पास श्री गणेश हार्डवेयर एंड सेनेटरी स्टोर में हुई। दुकान संचालक विकास कुमार ने बताया कि तड़के 12 बजे नकाबपोश चोर पिकअप वाहन पर सवार होकर आए। चोरों ने पहले दुकान का शटर उखाड़ा और फिर अंदर घुसकर करीब 30 मिनट तक इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर पानी की मोटरें और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। चोरों ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे और लाइटें भी तोड़ दीं तथा गल्ले में रखी 10 से 12 हजार रुपये की नकदी भी ले गए। इस घटना में करीब चार से पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। विकास ने बताया कि सुबह पड़ोसी दुकानदार ने फोन कर शटर उखड़े होने की सूचना दी। जिस पर चोरी की घटना के बारे में पुलिस को बताया गया। सूचना मिलते ही हुड्डा चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चारों नकाबपोश चोर पिकअप में सवार होकर आए थे और चोरी का सामान उसी पिकअप में लादकर फरार हो गए। दूसरी घटना जीटी रोड पर रणबीर सिंह हुड्डा पार्क के करीब स्थित गौरव रिपेयरिंग वर्कशॉप में हुई। यहां भी चोरों ने शटर उखाड़कर अंदर रखी बैरिंग और लोहे के संगल चोरी कर लिए। दुकान संचालक गौरव के अनुसार इस वारदात में करीब 30 से 35 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सुबह उनके पिता बलबीर सिंह जब दुकान पर पहुंचे तो घटना का पता चला। तीसरी वारदात में चोरों ने एक चाय के खोखे के ताले तोड़कर गैस सिलेंडर की चोरी की। दुकानदारों व जनता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि एक ही रात में कई दुकानों को निशाना बनाया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 03, 2026, 03:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kurukshetra News: दो दुकानों के शटर उखाड़े, तीन जगह की चोरी #ShuttersOfTwoShopsUprooted #TheftFromThreePlaces #SubahSamachar