श्रीकृष्ण जन्माष्टमी: घर से मंदिरों तक गूंजेगा नंद के आनंद भयो..., मनेगा उत्सव; जुटेंगे गृहस्थ और वैष्णवजन

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी व्रजधाम सरीखी दिखेगी। घर से मंदिरों तक श्रद्धा और भक्ति का सागर लहराएगा। नंद के आनंद भयो की देर रात तक गूंज होगी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, इस्कॉन मंदिर, गोपाल मंदिर आदि मंदिरों के अलावा माहेश्वरी भवन, बीएचयू, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्रावासों, अन्य शिक्षण संस्थानों, प्रतिष्ठानों और पुलिस लाइन में कान्हा के जन्मोत्सव का उल्लास दिखेगा। बृहस्पतिवार को मंदिरों से लेकर घरों तक को सजाने में लोग जुटे थे। बाजार में लोगों ने कान्हा, राधा-कृष्ण की प्रतिमाएं, उनके वस्त्र सहित विभिन्न तरह की शृंगार व पूजन सामग्री की खरीदारी की। पांच साल बाद इस बार गृहस्थ और वैष्णव दोनों एक साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाएंगे। भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। बृहस्पतिवार को शहर के प्रमुख मंदिरों में, जहां श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाती है, तैयारियां चलती रहीं। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में श्रीकृष्ण जी की झांकी सजाई गई है। इस्कॉन मंदिर में आकर्षक सजावट की गई है। चौक, बांसफाटक, रथयात्रा, सिगरा, लहुराबीर, गोदौलिया, लंका, मैदागिन, मंडुवाडीह आदि इलाकों में सजी अस्थायी दुकानों पर राधा-कृष्ण की प्रतिमाएं, वस्त्र, पालना, इलेक्ट्रॉनिक खिलौनों के अलावा शृंगार और पूजन सामग्री की खरीदारी हुई।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 04, 2026, 00:12 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




श्रीकृष्ण जन्माष्टमी: घर से मंदिरों तक गूंजेगा नंद के आनंद भयो..., मनेगा उत्सव; जुटेंगे गृहस्थ और वैष्णवजन #CityStates #Varanasi #Janmashtami2026 #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #TopNews #SubahSamachar