शिवा मार्केट के दुकानदारों ने सीएम से लगाई न्याय की गुहार

संवाद न्यूज एजेंसीबहादुरगढ़। शिवा मार्केट के दुकानदारों ने दुकानों पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। भाजपा नेता जसबीर सैनी के नेतृत्व में दुकानदारों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर जांच और अधिकारों की रक्षा की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में श्याम मुंजाल, संजीव, राजू दुआ, पंकज बूटानी, सतपाल चावला, सूबे सिंह और पुनीत प्रधान आदि दुकानदार शामिल रहे। दुकानदारों का आरोप है कि वक्फ बोर्ड के सहयोग से कुछ प्रभावशाली लोग दुकानों पर अवैध रूप से कब्जा करने और उन्हें अपने नाम कराने का प्रयास कर रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि वे करीब 30 वर्षों से शिवा मार्केट में कारोबार कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। दुकानदारों का आरोप है कि अन्य व्यापारियों को भी दुकानें छीनने की धमकियां दी जा रही हैं। दुकानदारों ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, किसी भी अनियमितता की स्थिति में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा वर्षों से व्यापार कर रहे दुकानदारों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें सरकार और प्रशासन से न्याय मिलने की उम्मीद है। भाजपा नेता जसबीर सैनी ने कहा कि यदि किसी के साथ अन्याय हो रहा है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाना चाहिए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 30, 2026, 18:31 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




शिवा मार्केट के दुकानदारों ने सीएम से लगाई न्याय की गुहार #ShivaMarketShopkeepersAppealToTheCMForJustice. #SubahSamachar