मौसम की मार: शिमला में इस साल आधी रह सकती है सेब की पैदावार, 2.31 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान
मौसम की मार के कारण इस साल जिला शिमला में सेब का उत्पादन आधा रहने का अनुमान है। इस वर्ष जिले में महज 2.31 लाख मीट्रिक टन सेब उत्पादन का अनुमान है। यह पिछले साल 4.41 लाख मीट्रिक टन की तुलना में काफी कम है। शिमला में उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बैठक में प्रशासन ने ये जानकारी दी। बैठक में सेब परिवहन, यातायात प्रबंधन, मालभाड़ा निर्धारण, नियंत्रण कक्षों की स्थापना, श्रमिकों की उपलब्धता और पैकेजिंग सामग्री सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेब सीजन में बागवानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही परिवहन एवं विपणन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। बैठक में निर्णय लिया कि सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में बागवानों, ट्रक ऑपरेटरों और पिकअप यूनियनों के साथ बैठक कर परिवहन वाहनों की आवश्यकता का आकलन करेंगे। जरूरत पड़ने पर बाहरी जिलों और राज्यों से भी ट्रकों की व्यवस्था की जाएगी। सेब तुड़ान और ढुलाई के लिए पर्याप्त श्रमिकों की उपलब्धता को लेकर भी प्रशासन की ओर से इंतजाम किए जाएंगे। सेब सीजन के लिए मालभाड़ा निर्धारण को लेकर एसडीएम, डीएसपी, लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी के प्रतिनिधियों की समिति गठित की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 11:05 IST
मौसम की मार: शिमला में इस साल आधी रह सकती है सेब की पैदावार, 2.31 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का अनुमान #CityStates #Shimla #HimachalPradesh #ShimlaAppleProduction #HimachalAppleCrop #AppleSeason2026 #AppleHarvestHimachal #WeatherImpactOnApple #ShimlaOrchard #HimachalHorticulture #SubahSamachar
