Una News: ऊना शहर में नहीं हो पाया सीवरेज प्रणाली का विस्तार
ऊना। नगर निगम बनने के बाद भी ऊना शहर में सीवरेज की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। स्थानीय लोगों को शहर में सीवरेज की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी थी लेकिन नगर निगम प्रशासन के सुस्त रवैये से उनकी उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। ऊना शहर में सीवरेज की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। शहर का विस्तारीकरण हुआ लेकिन सीवरेज की व्यवस्था काफी पुरानी है। वर्तमान में अधिकतर लाेगों ने अपने घरों के आगे सीवरेज टैंक बना रखे हैं, जिन्हें समय समय पर खाली करना पड़ता है। वर्तमान में शहर में 4500 सीवरेज कनेक्शन हैं जबकि कुल क्षमता 6500 तक है। विभाग जल्द ही प्रक्रिया शुरू कर अधिक से अधिक घरों को सीवरेज सुविधा से जोड़ने की योजना बना रहा है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने में भूमि विवाद जैसी अड़चनें आ रही हैं। वहीं, कई लोग अपने निजी टैंकों के कारण सीवरेज कनेक्शन लेने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। स्थिति यह है कि आम लोगों के घरों के साथ कई सरकारी कार्यालय भी अब तक सीवरेज योजना से नहीं जुड़ पाए हैं। शहर में सुचारु सीवरेज व्यवस्था के लिए दो एसटीपी टैंक स्थापित किए गए हैं। रामपुर में 2.53 एमएलडी और चंद्रलोक कॉलोनी में 0.65 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट कार्यरत हैं। इस पर स्थानीय लोगों ने अपने विचार प्रकट किए।सीवरेज लाइन के विस्तार के लिए संबंधित विभाग ने होम वर्क नहीं किया है। इसके चलते यह व्यवस्था बनी हुई है। कई सरकारी कॉलोनियां भी ऐसी हैं, जहां अभी भी सीवरेज लाइन की सप्लाई नहीं पहुंच पाई है। सीवरेज के लिए नई लाइन बिछाने के लिए कार्य करना चाहिए। साथ ही लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।-नवदीप कश्यप, पूर्व पार्षद नगर निगम ऊना। सीवरेज लाइन की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन के समक्ष मांग उठाई है लेकिन अभी तक इस पर कोई काम नहीं हो पाया है। अब नगर निगम बनने के बाद तो इस कार्य में तेजी लानी चाहिए।-जीआर वर्मा, अध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक फोरम ऊना
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 23:57 IST
Una News: ऊना शहर में नहीं हो पाया सीवरेज प्रणाली का विस्तार #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #SubahSamachar
