Panipat News: नालों के अवैध कनेक्शन से सीवरेज ओवरफ्लो
समालखा। नगर परिषद द्वारा शहर के नाले व नालियों का गंदा पानी अवैध रूप से जन स्वास्थ्य विभाग की सीवरेज पाइप लाइन में छोड़ने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसके कारण शहरभर में मैननहोल ओवरफ्लो होकर गंदा और बदबूदार पानी सड़कों व गलियों में जमा हो रहा है। वीरवार को बाईपास रोड पर जब नगर परिषद द्वारा नाले का अवैध कनेक्शन सीवरेज लाइन में जोड़ा जा रहा था तब जन स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। इस लापरवाही को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। 2010 में बिछाई गई थी लाइन : वर्ष 2010 में शहर में करीब 70 किलोमीटर के दायरे में सीवरेज लाइन बिछाई थी। इसमें लगभग पांच हजार घरों के डायरेक्ट कनेक्शन जोड़े गए थे। इसका दूषित पानी बाईपास रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) तक पहुंचाया जाता है। नगर परिषद द्वारा नाले-नालियों की अलग से निकासी व्यवस्था करने के बजाय अवैध रूप से सीवरेज लाइन में कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इससे सीवरेज ओवरफ्लो हो रहे हैं और एसटीपी पर भी क्षमता से अधिक लोड बढ़ गया है। जन स्वास्थ्य विभाग समालखा के एसडीओ मोहित शर्मा ने बताया कि नगर परिषद द्वारा जगह-जगह नाले और नालियों के पानी को सीधे सीवरेज लाइन में डाला जा रहा है। इससे पूरा शहर परेशान है। इस संबंध में नगर परिषद को कई बार पत्र भेजकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। वीरवार को बाईपास रोड पर अवैध रूप से काम होता देख उसे रुकवाया गया और सख्त चेतावनी दी गई। इस मामले में पक्ष जानने के लिए समालखा नगर परिषद सचिव प्रिंस मेहंदीरत्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 25, 2026, 03:04 IST
Panipat News: नालों के अवैध कनेक्शन से सीवरेज ओवरफ्लो #SewerageOverflowDueToIllegalConnectionsToDrains #SubahSamachar
