Sonipat News: नशे से युवक की मौत मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार
गोहाना। नशीला पदार्थ लेने से युवक की मौत के मामले में शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी आर्य नगर निवासी अशोक उर्फ दुगी है। अदालत में पेश करने के बाद उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड लिया गया। उससे नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।पुलिस को 11 जून को एक युवक ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनके दोस्त कुलदीप को कुछ लोग लगातार नशीले पदार्थ उपलब्ध करा रहे थे। परिजनों के कई बार विरोध और मना करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। आरोप है कि इंजेक्शन के जरिए नशीले पदार्थ लेने के कारण 24 मई को कुलदीप की मौत हो गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान सामने आया कि आर्य नगर निवासी सोनू अपने साथियों के साथ मृतक को नशीला पदार्थ उपलब्ध कराता था। पुलिस इस मामले में पहले ही सोनू को गिरफ्तार कर चुकी है।पुलिस ने अब मामले में दूसरे आरोपी अशोक उर्फ दुगी को भी गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से नशीले पदार्थ की सप्लाई के स्रोत, पूरे नेटवर्क और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारीपुलिस आयुक्त ममता सिंह ने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सेवन से संबंधित कोई भी जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 28, 2026, 19:53 IST
Sonipat News: नशे से युवक की मौत मामले में दूसरा आरोपी गिरफ्तार #SecondAccusedArrestedInCaseOfYouth'sDeathDueToDrugUse. #SubahSamachar
