Una News: सरकारी जमीन पर कब्जा लेने गए अधिकारियों के साथ की धक्का-मुक्की
अंब(ऊना)। पंजोआ में शुक्रवार को सरकारी जमीन पर कब्जा लेने गई लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ लोगों की भीड़ ने धक्का-मुक्की की। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी ने सरकारी काम में बाधा डालने, सड़क जाम करने और गाली-गलौज करने के आरोप भी लगाए गए हैं। जिसमें पुलिस ने एक महिला सहित 12 नामजद और 50 से 60 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।पुलिस को दी शिकायत में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सुखविंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ नंदपुर मैड़ी रोड पर सरकारी भूमि का कब्जा लेने गए थे। इस जमीन की निशानदेही पहले ही की जा चुकी थी, जहां जल शक्ति विभाग की पेयजल योजना का काम प्रस्तावित है। जब राजस्व पटवारी अवतार सिंह और पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू की गई तो एक स्थानीय निवासी ने सड़क बंद करने की धमकी दी। इसके बाद उसके भतीजे ने अपनी गाड़ियां सड़क पर खड़ी करके रास्ता जाम कर दिया।शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मौके पर करीब 50 से 60 अन्य लोगों को बुला लिया और स्थानीय विधायक सुदर्शन सिंह बबलू तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी तथा गाली-गलौज शुरू कर दी। यह भीड़ अधिकारियों के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गई, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने के बाद अंब थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भाग गए।इस हंगामे और विरोध के कारण विभाग जमीन पर कब्जा लेने की कानूनी कार्रवाई पूरी नहीं कर सका। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि सहायक अभियंता की शिकायत पर पुलिस ने 12 नामजद लोगों के साथ लगभग 50 से अधिक अन्य अज्ञात लोगों के कार्रवाई शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 23:31 IST
Una News: सरकारी जमीन पर कब्जा लेने गए अधिकारियों के साथ की धक्का-मुक्की #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
