ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल: एथलेटिक्स में हरियाणा के छह खिलाड़ियों का शेड्यूल जारी, जानें कब है किसका मुकाबाला
स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होने वाली कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय एथलेटिक्स दल के साथ हरियाणा के छह खिलाड़ी भी अपनी चुनौती पेश करेंगे। एथलेटिक्स हरियाणा के मुताबिक भारतीय दल में कुल 32 एथलीट शामिल हैं, जिनमें 22 पुरुष और 10 महिला खिलाड़ी हैं।इनमें छह खिलाड़ी हरियाणा से हैं। 27 जुलाई से होंगे हरियाणा के खिलाड़ियों के मुकाबले हरियाणा के खिलाड़ियों के मुकाबलों की शुरुआत 27 जुलाई को होगी, जब फतेहाबाद की पूजा हाई जंप के क्वालिफिकेशन राउंड में उतरेंगी। 28 जुलाई को मुकाबलों का सबसे व्यस्त दिन रहेगा। भिवानी की सीमा कालीरमन और रोहतक की निधि रानी डिस्कस थ्रो में चुनौती पेश करेंगी, जबकि अंबाला की मनप्रीत कौर शॉट पुट क्वालिफिकेशन राउंड में अपना दम दिखाएंगी। इसके बाद 30 जुलाई को सबसे नजरें पानीपत के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा पर रहेंगी, जो जेवलिन थ्रो के क्वालिफिकेशन राउंड में मैदान में उतरेंगे। हरियाणा के अभियान का समापन 1 अगस्त को होगा, जब जींद की रवीना रेस वॉक स्पर्धा के क्वालिफिकेशन राउंड में भाग लेंगी। एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि सभी खिलाड़ी अपनी-अपनी स्पर्धाओं के लिए तैयार हैं। वहीं, एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमान सिंह भादू, एएफआई की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान और अन्य पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 20, 2026, 21:12 IST
ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल: एथलेटिक्स में हरियाणा के छह खिलाड़ियों का शेड्यूल जारी, जानें कब है किसका मुकाबाला #CityStates #Chandigarh-haryana #SubahSamachar
