कूड़ेदानों की खरीद में लाखों रुपये का घोटाला : बिक्रम

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। जसवां परागपुर के विधायक एवं पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने प्रदेश सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों पर डस्टबिन खरीद में लाखों रुपये के सुनियोजित घोटाले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत केंद्र द्वारा भेजी जा रही राशि का प्रदेश में खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसे भाजपा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।बिक्रम ठाकुर ने कहा कि यह घोटाला सिर्फ एक ब्लॉक तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे कांगड़ा जिले के अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में नियमों को ताक पर रखकर इसे अंजाम दिया गया है। आरोप है कि बाजार में 12 से 15 हजार रुपये में मिलने वाले डस्टबिन को सरकारी दस्तावेजों में 44,200 रुपये का दर्शाकर जनता की गाढ़ी कमाई लूटी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विक्रेताओं को दरकिनार कर यह खरीद पंजाब के पठानकोट से की गई, जिससे हिमाचल के हिस्से का जीएसटी भी पंजाब चला गया। इस पूरी प्रक्रिया में पंचायत प्रधानों को नजरअंदाज कर सीधे बिल थमा दिए गए। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि बिना सफाई कर्मचारियों के डस्टबिन लगा दिए गए और गलत जगह पर लाखों का कूड़ा संग्रहण शेड बना दिया गया। उन्होंने इस मामले की तुरंत विजिलेंस जांच और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि दोषियों को दंडित नहीं किया गया, तो भाजपा प्रदेश भर में उग्र जन-आंदोलन करेगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 06, 2026, 19:39 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




कूड़ेदानों की खरीद में लाखों रुपये का घोटाला : बिक्रम #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar