सावन में काशी होगी शिवमय: बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक को उमड़ेगी भक्तों की भीड़, 30 जुलाई से हो रहा आगाज
भगवान शिव के भक्तों को अब सावन का इंतजार है। 10 दिन बाद यानी 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास में देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी के शिवालयों और देवालयों में जलाभिषेक, पूजन-अर्चन और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। द्वादश ज्योतिर्लिंग, चारधाम सहित विभिन्न धार्मिक यात्राएं निकाली जाएंगी। कांवड़ियों के जत्थे श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इस बार सावन में चार सोमवार तथा पांच-पांच बृहस्पतिवार और शुक्रवार पड़ेंगे। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक रहेगाश्रावण मास हिंदू पंचांग के अनुसार श्रावण वर्ष का पांचवां मास है और यह भगवान शिव को अत्यंत प्रिय माना जाता है। श्रावण मास 30 जुलाई से 28 अगस्त तक रहेगा। इस दौरान श्री काशी विश्वनाथ सहित सभी प्रमुख शिवालयों में दर्शन-पूजन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के पूर्व अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय ने बताया कि भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए रुद्राभिषेक, सामूहिक पार्थिव शिवलिंग पूजन, बेलपत्र अर्पित करना, सावन सोमवार व्रत, महामृत्युंजय मंत्र का जाप और शिवमहापुराण कथा का श्रवण विशेष महत्व रखता है। इसके अलावा कांवड़ यात्रा, पंचक्रोशी यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक यात्राएं भी निकाली जाती हैं। उन्होंने कहा कि इस मास में किए गए धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व माना जाता है। बड़ी शीतला माता मंदिर के महंत पं. शिव प्रसाद पांडेय 'लिंगिया'ने बताया कि सावन भर श्रद्धालु भगवान शिव की उपासना करते हैं। इस दौरान शिव यात्राओं के साथ दुर्गा यात्राएं निकालने की भी परंपरा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 20, 2026, 22:12 IST
सावन में काशी होगी शिवमय: बाबा विश्वनाथ के जलाभिषेक को उमड़ेगी भक्तों की भीड़, 30 जुलाई से हो रहा आगाज #CityStates #Varanasi #Sawan2026 #VaranasiNews #KashiVishwanathTemple #SubahSamachar
