Meerut News: 16 सूत्रीय मांगों के लिए सफाई कर्मचारियों ने दिया ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

संवाद न्यूज एजेंसीसरधना। नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने अपनी 16 सूत्रीय लंबित मांगों के निस्तारण और उत्पीड़न के विरोध में मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रस्तावित आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ की तरफ से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि 23 जून को नगर पालिका प्रशासन को 16 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया था कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संघ का कहना है कि मांगों के निराकरण में लगातार हो रही देरी से कर्मचारियों में रोष है। संगठन ने पहले ही 1 जुलाई से धरना-प्रदर्शन एवं कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि यदि सफाई कार्य बाधित होता है तो नगर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होगी और जनस्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। एसडीएम से मांग की गई है कि नगर पालिका प्रशासन को निर्देशित कर 16 सूत्रीय मांगों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए, ताकि प्रस्तावित आंदोलन को टाला जा सके। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि समय रहते समाधान नहीं होने पर उत्पन्न होने वाली स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में प्रांतीय महामंत्री राम मोहन वाल्मीकि, मंडल महामंत्री मोहनवीर, शाखा अध्यक्ष गौतम सिंह टांक तथा शाखा महामंत्री गोविंद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 17:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Meerut News: 16 सूत्रीय मांगों के लिए सफाई कर्मचारियों ने दिया ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी #SanitationWorkersSubmitMemorandumRegarding16-pointListOfDemands;WarnOfAgitation #SubahSamachar