Ambala News: एयरफोर्स स्टेशन पर संत नागा बाबा का मेला आज, सुरक्षा के रहेंगे इंतजाम
अंबाला सिटी। छावनी के वायु सेना केंद्र में स्थित संत नागा बाबा की समाधि पर रविवार को वार्षिक मेला आयोजित किया जाएगा। गुरुद्वारा सिंह सभा धूलकोट की प्रबंधन कमेटी और एयरफोर्स प्रशासन की ओर से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस वर्ष हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब व अन्य राज्यों से 60 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मेला रविवार सुबह 6:30 बजे श्री अखंड साहिब पाठ के भोग के साथ होगा। इसके बाद गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ज्योत लेकर समाधि तक जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए एयरफोर्स स्टेशन के द्वार सुबह 7:30 बजे खोले जाएंगे और शाम 4 बजे प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। भीड़ के प्रबंधन के लिए महिला और पुरुषों की अलग-अलग लाइनें बनाई जाएंगे। एयरफोर्स स्टेशन की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा तंत्र बेहद मजबूत किया गया है। श्रद्धालुओं को स्टेशन के भीतर मोबाइल, कैमरा या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। स्टेशन से 200 मीटर पहले ही वाहनों की एंट्री रोक दी जाएगी और श्रद्धालुओं की सघन चेकिंग बाहर बने टेंटों में ही की जाएगी। तीन थानों की पुलिस और सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी। धूलकोट गांव के रास्तों पर झूले और खाने-पीने की स्टॉल सज चुकी हैं। मान्यता है कि 1942 के आसपास आए संत नागा बाबा के आशीर्वाद से ही 1965 के युद्ध में एयरफोर्स स्टेशन सुरक्षित रहा था। यहां बाबा की समाधि के साथ उनके प्रिय कुत्ते की भी समाधि स्थित है, जहां लोग दूर-दूर से मन्नत मांगने आते हैं। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 02:54 IST
Ambala News: एयरफोर्स स्टेशन पर संत नागा बाबा का मेला आज, सुरक्षा के रहेंगे इंतजाम #SaintNagaBaba'sFairAtAirForceStationToday #SecurityArrangementsWillBeInPlace #SubahSamachar
