Bihar: बिहार में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर का टायर फटा, उछलकर सिर पर लगा रिम, गैरेज मैकेनिक की मौत
बिहार के सहरसा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार देर शाम ट्रैक्टर का टायर फटने से हुए हादसे में एक गैरेज मैकेनिक की मौत हो गई। टायर फटने के दौरान उसका लोहे का रिम तेज रफ्तार से उछलकर सीधे मैकेनिक के माथे पर जा लगा। इस भीषण हादसे में युवक का सिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। काम के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा मृतक की पहचान लगमा पंचायत के नवटोलिया वार्ड संख्या-3 निवासी 33 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। वह रामदेव यादव के बड़े पुत्र थे। परिजनों के अनुसार शनिवार देर शाम कृष्ण कुमार सहरसा-महेशखुट मुख्य मार्ग पर स्थित लगमा चौक के पास अपने गैरेज में काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर का टायर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि टायर का लोहे का रिम उछलकर सीधे कृष्ण कुमार के सिर पर जा लगा। गंभीर चोट लगने से रास्ते में ही मौत रिम लगने के बाद कृष्ण कुमार गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे लगमा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का इकलौता सहारा थे कृष्ण कुमार परिजनों ने बताया कि कृष्ण कुमार दो भाइयों में सबसे बड़े थे। वह पिछले तीन-चार वर्षों से लगमा चौक पर गैरेज चलाकर पूरे परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कृष्ण कुमार अपने पीछे पत्नी, माता-पिता और दो मासूम बेटों को छोड़ गए हैं। उनके बड़े बेटे प्रिंस कुमार की उम्र 7 वर्ष और छोटे बेटे पीयूष कुमार की उम्र 5 वर्ष है। पिता की असमय मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से साया उठ गया है। परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। ये भी पढ़ें-Murder Case :दिल्ली में पार्टी के दौरान फायरिंग से डॉक्टर की मौत मामले में भाजपा MLA दोषी; बिहार में मंत्री थे राजू सिंह पुलिस ने शुरू की जांच मामले की जानकारी देते हुए सहरसा सदर थाना के थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 21:28 IST
Bihar: बिहार में दर्दनाक हादसा, ट्रैक्टर का टायर फटा, उछलकर सिर पर लगा रिम, गैरेज मैकेनिक की मौत #CityStates #Crime #Bihar #Kosi #BiharNews #SaharsaNews #KosiNews #SubahSamachar
