तेल की तपिश: डीजल-पेट्रोल की किल्लत की अफवाह, बोतल व गैलन में भरवाने लगे लोग; पूर्ति विभाग ने कही ये बात
अतरौलिया क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की किल्लत की अफवाह ने बुधवार को अचानक अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। सुबह से ही अधिकांश पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन लेने के लिए उमड़ पड़े। कई जगहों पर बड़े गैलन व बोतलों में भी पेट्रोल-डीजल भरवाते नजर आए। एक-एक घंटे तक लोग इंतजार कर ईंधन लेते नजर आए। स्थिति यह रही कि एक पंप को छोड़कर लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। केटी फिलिंग स्टेशन पर तेल नहीं है का बोर्ड लगाकर आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। वहीं किया फिलिंग स्टेशन, मारुति फिलिंग स्टेशन, किसान सेवा केंद्र, शिव कृपा किसान सेवा केंद्र और किसान फिलिंग स्टेशन पर पंप खुले रहे, लेकिन यहां भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोग घंटों लाइन में लगकर ईंधन भरवाते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों के अनुसार गेहूं की मड़ाई का समय होने के चलते किसान पहले से ही डीजल खरीद रहे थे। इसी बीच पड़ोसी जनपद अंबेडकर नगर से किल्लत की अफवाह फैलने से स्थिति और बिगड़ गई और अचानक मांग बढ़ गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 25, 2026, 21:38 IST
तेल की तपिश: डीजल-पेट्रोल की किल्लत की अफवाह, बोतल व गैलन में भरवाने लगे लोग; पूर्ति विभाग ने कही ये बात #CityStates #Azamgarh #Varanasi #AzamgarhPolice #AzamgarhNews #LatestNews #BigNews #SubahSamachar
