Noida News: शेयर बाजार में दोगुने मुनाफे का लालच देकर 16 लाख की ठगी

-सेवानिवृत्त एयरफोर्स कर्मी समेत दो लोगों को बनाया शिकार, रकम निकालने पर टैक्स जमा करने का बनाया दबावमाई सिटी रिपोर्टर नोएडा। शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी समेत दो लोगों से 16 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने दोनों पीड़ितों को फर्जी मुनाफा दिखाकर अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करा ली। निवेश की रकम निकालने पर अतिरिक्त टैक्स जमा करने का दबाव बनाया गया। इसके बाद आरोपियों ने संपर्क तोड़ लिया। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।व्हाट्सएप पर संपर्क कर जीता भरोसा : सेक्टर-21 निवासी वायुसेना के सेवानिवृत्त कर्मी के मुताबिक, दो अक्तूबर को कुछ लोगों ने व्हाट्सएप के जरिए उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताते हुए मोटा मुनाफा दिलाने का दावा किया। इसके बाद उन्हें एक वेबसाइट पर पंजीकरण कराकर निवेश करने के लिए कहा गया। शुरुआत में छोटी रकम निवेश कराई गई। खाते में मुनाफा दिखाने के साथ कुछ पैसे वापस भी किए गए, जिससे पीड़ित को आरोपियों पर भरोसा हो गया।इसके बाद ठगों ने अलग-अलग बैंक खातों में उनसे करीब 10 लाख रुपये जमा करा लिए। जब उन्होंने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने टैक्स के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगे। रकम नहीं देने पर खाता फ्रीज करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने बातचीत बंद कर दी।ग्रेटर नोएडा के युवक से छह लाख ठगे : इसी तरह ग्रेटर नोएडा निवासी एक युवक को भी शेयर बाजार में निवेश का झांसा दिया गया। आरोपियों ने वेबसाइट के माध्यम से निवेश कराने के बाद धीरे-धीरे मुनाफे का लालच दिया और 18 अक्तूबर तक उससे छह लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। रकम निकालने की कोशिश करने पर आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया।बैंक खातों की जांच में जुटी पुलिस :एसीपी साइबर विवेक रंजन राय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। कम समय में दोगुना मुनाफा देने के दावों से सावधान रहें और अनजान लोगों के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। साथ ही, मोबाइल पर भेजी गई एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचें।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 24, 2026, 16:08 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida News: शेयर बाजार में दोगुने मुनाफे का लालच देकर 16 लाख की ठगी #Rs16LakhSwindledByLuringVictimsWithPromisesOfDoubleReturnsInTheStockMarket #SubahSamachar