रोहड़ू नगर परिषद चुनाव: मतदान के लिए मतदाताओं में उत्साह, 106 वर्षीय साधु राम ने भी डाला वोट, देखें वीडियो

नगर परिषद रोहड़ू के नौ वार्डों के लिए शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही विभिन्न पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से महिला कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो अलग-अलग मतदान केंद्रों पर मतदान कार्य संभाल रही हैं। नगर परिषद चुनाव के तहत रोहड़ू के सभी नौ वार्डों में बनाए गए पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस जवानों के साथ प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ बाजार क्षेत्र से भी मतदाता सुबह से मतदान केंद्रों तक पहुंचते रहे। बुजुर्ग मतदाताओं में भी दिखा उत्साह निर्वाचन अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 11:00 बजे तक करीब 45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शुरुआती घंटों में ही महिलाओं और बुजुर्ग मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। कई मतदान केंद्रों पर युवाओं में भी मतदान को लेकर उत्साह नजर आया। प्रशासन की ओर से मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर पेयजल, बैठने तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। चुनाव को लेकर विभिन्न प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर भी मतदान प्रतिशत पर बनी हुई है। मतदान प्रक्रिया दोपहर तीन बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद सभी ईवीएम और चुनाव सामग्री को एसडीएम कार्यालय रोहडू लाया जाएगा, जहां मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। देर शाम तक नगर परिषद के नौ वार्डों के परिणाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।नगर परिषद् रोहड़ू चुनाव के अंतर्गत वार्ड नंबर 1 (दशालनी) के 106 वर्षीय मतदाता साधु राम ने अपने मताधिकार का प्रयोगकर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। इस अवसर पर पीठासीन अधिकारी ने साधुराम को आभार पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 22, 2026, 12:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




रोहड़ू नगर परिषद चुनाव: मतदान के लिए मतदाताओं में उत्साह, 106 वर्षीय साधु राम ने भी डाला वोट, देखें वीडियो #CityStates #Shimla #RampurBushahar #RohruNagarParishadElection #SubahSamachar