रोड़ा मैदान 10 करोड़ से होगा विकसित : अग्निहोत्री
हरोली (ऊना)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रोड़ा स्थित हरोली मैदान को स्थायी मेला स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित राज्यस्तरीय हरोली उत्सव को लोगों का व्यापक समर्थन मिला है और इसे भविष्य में और भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी वर्षों में मेले की अवधि भी बढ़ाई जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने हरोली-रामपुर पुल मार्ग को विकास पथ नाम देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस पूरे मार्ग को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। यहां बेहतर लाइटिंग व्यवस्था की जाएगी और सड़क किनारे आकर्षक लाइट्स लगाई जाएंगी, जिससे रात के समय पूरा क्षेत्र जगमगाता नजर आएगा। उन्होंने कहा कि हरोली-रामपुर पुल और यह पूरा मार्ग पहले ही लोगों के लिए घूमने-फिरने का एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बन चुका है। अब यह केवल आवाजाही का रास्ता नहीं है, लोगों के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बन गया है, जहां शाम होते ही लोग सैर और समय बिताने के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर राष्ट्रीय ध्वज, सेल्फी प्वाइंट और प्याऊ जैसी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं, जिन्हें अब और बेहतर और विस्तृत किया जाएगा, ताकि यह मार्ग विकास और आकर्षण का एक नया उदाहरण बन सके।अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली का रोड़ा क्षेत्र तेजी से एक विकसित नगर के रूप में उभर रहा है और वर्ष 2027 तक यहां कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं साकार रूप लेंगी। यहां लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से हेलिपोर्ट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। रोड़ा में 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि यहां सभी प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन सुनियोजित तरीके से किया जाए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 22, 2026, 23:44 IST
रोड़ा मैदान 10 करोड़ से होगा विकसित : अग्निहोत्री #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
