Ambala News: भत्तों के भुगतान न होने पर रोडवेज कर्मियों का फूटा गुस्सा, सौंपा मांग पत्र
संवाद न्यूज एजेंसीअंबाला सिटी। चालकों, परिचालकों और अन्य स्टाफ के देय भत्तों का समय पर भुगतान न होने के विरोध में शुक्रवार को सिटी बस स्टैंड परिसर में कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के बैनर तले कर्मचारियों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मियों ने परिवहन मंत्री के नाम डिपो के महाप्रबंधक (जीएम)अश्वनी डोगरा को एक मांग पत्र सौंपा।कर्मचारी नेता जयबीर घणघस ने कहा कि चालक-परिचालक विपरीत परिस्थितियों में भी ईमानदारी से जनता को सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद अंबाला डिपो में मई 2025 से रात्रि ठहराव भत्ता और नवंबर 2025 से ओवरटाइम का भुगतान लटका हुआ है। इसके अलावा एलटीसी और शिक्षा भत्ता भी पेंडिंग है। जीएम की ओर से कभी बजट की कमी तो कभी बजट कैप का बहाना बनाकर टालमटोल किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी मानसिक व आर्थिक परेशानी है।मोर्चा नेता माया राम उनियाल ने रोष जताते हुए कहा कि परिवहन मंत्री अनिल विज ने 5 नवंबर 2024 को पत्र जारी कर सभी महाप्रबंधकों को कर्मचारियों के वेतन और भत्ते समय पर देने के लिखित आदेश दिए थे। लेकिन स्थानीय अधिकारी मंत्री के आदेशों को भी ठेंगा दिखा रहे हैं।बॉक्सआंदोलन की रूपरेखा तय, 25 जुलाई को न्याय मार्च बिजेंद्र जांगड़ा और राजेश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि भत्ते जारी नहीं हुए तो आंदोलन तेज होगा। इसके तहत आगामी रणनीति तैयार कर ली गई है। इसमें 5 जून को हिसार में प्रदर्शन होगा। 16 जून को अंबाला छावनी में ज्ञापन, 24 जून को गुरुग्राम में प्रदर्शन, 2 जुलाई को रोहतक में रोष प्रदर्शन, 9 जुलाई को करनाल और 16 जुलाई को फरीदाबाद में मोर्चाबंदी, 25 जुलाई को मांगें पूरी न होने पर परिवहन मंत्री के आवास का घेराव कर न्याय मार्च निकाला जाएगा। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 30, 2026, 02:44 IST
Ambala News: भत्तों के भुगतान न होने पर रोडवेज कर्मियों का फूटा गुस्सा, सौंपा मांग पत्र #RoadwaysEmployeesExpressedAngerOverNon-paymentOfAllowancesAndSubmittedAMemorandumOfDemands. #SubahSamachar
