UP: आगरा में नहीं थम रहा ये सिलसिला, कमला नगर और फाउंड्री नगर में धंसी सड़कें; गड्ढे देख रह जाएंगे हैरान
बारिश के एक दिन बाद कमला नगर और फाउंड्री नगर में सड़कें फिर से धंस गई। दोनों ही जगह गहरे और चौड़े गड्ढे हो गए, जिससे ट्रैफिक पर असर पड़ा। कमला नगर में सीवर लाइन की मरम्मत के दौरान पानी की लाइन टूट जाने से सड़क धंस गई, वहीं यमुनापार फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में गोशाला के पीछे की मुख्य सड़क अचानक धंस गई। देखते ही देखते बीच सड़क में करीब 12 गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने दो साल पहले ही सड़क का निर्माण कराया था। फाउंड्री नगर में शुक्रवार सुबह हुए गड्ढे के कारण इस सड़क से आवागमन ठप हो गया। क्षेत्रीय निवासी पंकज शर्मा और अनिल शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सड़क पर एक छोटा गड्ढा दिखाई दिया था। दोपहर करीब 12 बजे तक सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। एक फैक्टरी कर्मचारी ने गड्ढे में उतरकर इसकी गहराई 12 फीट बताई। मौके पर मौजूद लोगों ने हादसा रोकने के लिए गड्ढे के चारों ओर सीढ़ी और झाड़ियां लगाकर रास्ता रोक दिया। दो साल पहले ही सड़क का निर्माण यूपीसीडा ने कराया था। मौके पर जलकल के अधिशासी अभियंता प्रेम चंद्र आर्य और वीए टेक वबाग के भीम जैसवाल पहुंचे। उन्होंने बताया कि फाउंड्री नगर में जहां गड्ढा हुआ है, वहां आसपास सीवर और पानी की लाइन नहीं है। संभवत: भूमिगत खुदाई वाली जगह पानी का रिसाव हुआ और अंदर ही अंदर पानी से हुए कटान के कारण सड़क धंसी है। यूपीसीडा के अधिकारी शनिवार को गड्ढा भरवाएंगे। कमला नगर में सीवर मरम्मत में टूटी लाइन कमला नगर के कर्मयोगी एन्क्लेव रोड पर सड़क तीन बार धंस चुकी है। शुक्रवार को मेन मार्केट में चौराहे के पास सीवर लाइन की मरम्मत के दौरान पानी की पाइपलाइन टूट गई। इससे पानी के तेज बहाव से मिट्टी का कटान हुआ और चौड़ा गड्ढा हो गया। पानी की लाइन जोड़ने का काम शुरू कराया गया है, अब उसके बाद सीवर लाइन की मरम्मत कर गड्ढा भरा जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 15, 2026, 09:41 IST
UP: आगरा में नहीं थम रहा ये सिलसिला, कमला नगर और फाउंड्री नगर में धंसी सड़कें; गड्ढे देख रह जाएंगे हैरान #CityStates #Agra #KamlaNagar #FoundryNagar #RoadCollapse #RoadCaving #DeepPothole #SewerLine #WaterPipeline #Rain #Upicda #SubahSamachar
