Bull Attack: नोएडा सेक्टर-2 में सांड की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत; सेक्टर-4 में ग्राफिक्स डिजाइनर को पटका

सेक्टर-2 में साइकिल से घर जा रहे व्यक्ति को सांड ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। मंगलवार को हुई इस घटना से लोगों में गुस्सा है और प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। कोतवाली फेज वन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हरौला में रहने वाले सर्वेंद्र कुमार (44) नोएडा स्थित कंपनी में नौकरी कर रहे थे। मंगलवार को वह साइकिल से लेबर चौक से संदीप पेपर मिल की तरफ जा रहे थे। तभी सेक्टर-2 में डी ब्लॉक के पास सांड ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। तब पुलिस ने आम लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी अमित मान का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों का आरोप है कि शहर में लावारिस पशुओं का आतंक है। सांड के टक्कर मारने से हुई मौत के बाद घर में मातम पसरा है और शहर के लोगों में गुस्सा है। अब तक प्रशासन की तरफ से कोई भी अधिकारी मृतका के घर नहीं पहुंचा है। सांड ने ग्राफिक्स डिजाइनर को पटका वहीं, बुधवार रात ग्राफिक्स डिजाइनर को सांड ने पटक दिया। इसमें वह घायल हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया है। आश्रय ने बताया कि सेक्टर-4 में टोनी अपने ऑफिस के पास खड़े थे। तभी सांड ने उन्हें पटक दिया। इसमें वह घायल हो गए। उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 27, 2026, 02:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bull Attack: नोएडा सेक्टर-2 में सांड की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत; सेक्टर-4 में ग्राफिक्स डिजाइनर को पटका #CityStates #DelhiNcr #Noida #BullTerror #SubahSamachar