Kullu News: एनएचपीसी के अफसरों को बताई सड़क की समस्या

प्रबंधन और लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोपकहा-सिउंड-रैला सड़क एक साल से बड़े वाहनों के लिए बंदसंवाद न्यूज एजेंसीसैंज (कुल्लू)। सिउंड-रैला मुख्य सड़क की बदहाली को लेकर क्षेत्र के लोगों ने एनएचपीसी के अधिकारियों से मुलाकात की और इसकी दशा सुधारने की मांग की। एनएचपीसी प्रबंधन और लोक निर्माण विभाग की लापरवाही के कारण मार्ग पर बड़े वाहन नहीं दौड़ पा रहे हैं। लोगों को छोटे वाहनों में महंगा सफर करना पड़ रहा है। क्षेत्र की रैला और रैला-दो पंचायत के लोगों को इससे परेशानी हो रही है। करीब 3500 की आबादी को जोड़ने वाली यह सड़क हालांकि एनएचपीसी ने बनाई है और वर्ष 2020 तक कंपनी के अधीन थी लेकिन उसके बाद लोक निर्माण विभाग को इसकी देखरेख का जिम्मा दिया गया। जब से सड़क विभाग के अधीन आई है तब से लेकर इसकी हालत दयनीय बनी हुई है। विभाग का तर्क है कि उनके पास बजट नहीं है जिसके चलते सड़क की हालत नहीं सुधार पा रहे हैं। अब क्षेत्र के लोगों ने रविवार को क्षेत्र दौरे पर पहुंचे एनएचपीसी के अध्यक्ष प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता से मुलाकात कर सड़क की हालत सुधारने की मांग उठाई। रैला के प्रधान टेक सिंह ठाकुर, रैला-2 के प्रधान डाबेराम राणा, उपप्रधान पराग ठाकुर, मोती राम कटवाल, प्रीतम सिंह, वार्ड सदस्य धनी राम ठाकुर और खेबे राम काइथ ने इस संदर्भ में उन्हें एक मांगपत्र सौंपा। उन्होंने यह भी मांग की है कि सबसे पहले सिउंड के पास क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त किया जाए ताकि यहां से बस की आवाजाही आसानी से हो सके। इसके साथ ही लोगों ने जीवा नाला में भूस्खलन से बनी कृत्रिम झील के रुके पानी को बहने के लिए रास्ता बनाने की मांग भी की है ताकि भविष्य में किसी तरह का खतरा पैदा न हो। लोगों ने उनसे स्थानीय युवाओं को परियोजना में प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने की भी मांग की। लोगों की समस्या को देखते हुए प्रबंध निदेशक ने पार्वती परियोजना प्रमुख रणजीत सिंह को कार्रवाई करने के आदेश दिए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 07, 2026, 17:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kullu News: एनएचपीसी के अफसरों को बताई सड़क की समस्या #RoadProblemsToldToNHPCOfficials #SubahSamachar