राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल प्रवेश परीक्षा: आवेदन में सुधार का मौका, अंतिम तिथि 28 अक्तूबर, जानें पूरी प्रक्रिया

राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल में कक्षा 6 और 9 में दाखिले की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए जरूरी खबर है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (RMS CET) 2026 के आवेदन फॉर्म में सुधार का मौका दिया है। उम्मीदवार आज यानी 27 अक्तूबर से 28 अक्तूबर 2026 की रात 11:50 बजे तक अपने फॉर्म में बदलाव कर सकते हैं। हालांकि, सभी जानकारियों में सुधार की अनुमति नहीं है। ऐसे में उम्मीदवारों के लिए यह जानना जरूरी है कि वे किन जानकारियों को बदल सकते हैं और किनमें बदलाव नहीं कर पाएंगे। उम्मीदवार अपने आवेदन फॉर्म में सुधार करने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/rms पर जाएं। वहां अपने आवेदन से जुड़ी जानकारी को ध्यान से जांचें। अगर किसी जानकारी में गलती है, तो देखें कि संबंधित बदलाव की अनुमति दी गई है या नहीं। इसके बाद उपलब्ध विकल्प के अनुसार सुधार करें। एजेंसी ने साफ किया है कि तय समय सीमा के बाद आवेदन में किसी भी तरह का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवार आखिरी समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपना फॉर्म जांच लें। किन जानकारियों में नहीं कर पाएंगे बदलाव एनटीए के नोटिस के मुताबिक, उम्मीदवार अपने मोबाइल नंबर, ईमेल पते, स्थायी और वर्तमान पते, आपातकालीन संपर्क की जानकारी और फोटो में बदलाव नहीं कर सकेंगे। वहीं, उम्मीदवार का नाम, पिता का नाम और माता का नाम में से किसी एक जानकारी को बदलने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा, कक्षा पांचवीं और आठवीं के समकक्ष विवरण में बदलाव किया जा सकता है। उम्मीदवारों को फॉर्म में बदलाव करने से पहले इन नियमों को ध्यान से पढ़ना चाहिए, ताकि गलत जानकारी सुधारने के प्रयास में कोई दूसरी परेशानी न हो। किन दूसरी जानकारियों में होगा सुधार जारी सूचना के अनुसार, उम्मीदवार परीक्षा शहर के विकल्प में भी बदलाव कर सकते हैं। हालांकि, परीक्षा केंद्र के शहर का चुनाव स्थायी और वर्तमान पते के आधार पर होना चाहिए। एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार की पसंद के शहर को स्वीकार करना एजेंसी के लिए जरूरी नहीं है। इसके अलावा, जन्मतिथि, लिंग, श्रेणी, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान, दिव्यांगता प्रमाणपत्र और जन्म प्रमाणपत्र से जुड़ी जानकारियों में बदलाव की अनुमति दी गई है। जिन उम्मीदवारों ने आधार कार्ड के अलावा किसी दूसरी पहचान के आधार पर पंजीकरण किया है, वे पहचान से जुड़ी जानकारी भी बदल सकते हैं। क्या सुधार के लिए फीस देनी होगी एनटीए के नोटिस के अनुसार, अगर आवेदन में सुधार करने से फीस पर असर पड़ता है, तो लागू नियमों के अनुसार अतिरिक्त शुल्क देना होगा। यह शुल्क क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से जमा किया जा सकता है। जमा की गई फीस वापस नहीं की जाएगी। उम्मीदवारों को सुधार करते समय हर जानकारी ध्यान से भरनी चाहिए, क्योंकि यह सुविधा केवल एक बार दी जा रही है। फॉर्म में बदलाव करके जमा करने के बाद आवेदन लॉक हो जाएगा और दोबारा सुधार का मौका नहीं मिलेगा। परेशानी होने पर कहां करें संपर्क आवेदन में सुधार या परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाएं देखते रहें। किसी सवाल या परेशानी के लिए एजेंसी ने 011-40759000 और 011-69227700 नंबर दिए हैं। उम्मीदवार rmscet@nta.ac.in पर ईमेल भी कर सकते हैं। फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांचना जरूरी है, ताकि बाद में गलती सुधारने का दूसरा मौका न मिलने से परेशानी न हो।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 27, 2026, 14:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल प्रवेश परीक्षा: आवेदन में सुधार का मौका, अंतिम तिथि 28 अक्तूबर, जानें पूरी प्रक्रिया #Education #National #Rms #RmsCet2026 #SubahSamachar