Kurukshetra News: सेवानिवृत्त अतिथि अध्यापकों का प्रदर्शन आज
कुरुक्षेत्र। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले को लागू कराने की मांग को लेकर रिटायर्ड अतिथि अध्यापक रविवार को कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सेवा लाभ देने की मांग उठाई जाएगी। यह घोषणा शनिवार को लघु सचिवालय में चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के दौरान की गई।धरने की अध्यक्षता कर रहे रिटायर्ड अतिथि अध्यापक संघ के संयोजक राजकुमार कालीरमन ने कहा कि प्रदेशभर से सैकड़ों सेवानिवृत्त अतिथि अध्यापक रविवार को कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे और शहर में मार्च निकालेंगे। उन्होंने कहा कि वर्षों तक सरकारी स्कूलों में सेवाएं देने के बावजूद सेवानिवृत्त अतिथि अध्यापकों के लिए न तो पेंशन की व्यवस्था की गई और न ही अन्य सेवा लाभ दिए गए। इस कारण कई परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने अपने फैसले में सरकार को 28 मई 2014 से संबंधित लाभ, एरियर, पेंशन और एक्स-ग्रेशिया देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा रिटायर्ड अतिथि अध्यापकों को भी नियमित कर्मचारी मानते हुए ग्रेच्युटी और पेंशन देने की मांग की गई है।अध्यापक नेताओं ने कहा कि 16 अप्रैल को सर्वोच्च न्यायालय ने हरियाणा सरकार की वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीतियों को वैध माना है। वहीं 29 अप्रैल और 27 मई को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने भी अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण के पक्ष में आदेश दिए हैं। उनका कहना है कि प्रदेश के सभी पात्र अतिथि अध्यापक इन नीतियों की शर्तें पूरी करते हैं, इसलिए सरकार को नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू कर जून 2014 से सभी सेवा लाभ प्रदान करने चाहिए। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 19, 2026, 03:34 IST
Kurukshetra News: सेवानिवृत्त अतिथि अध्यापकों का प्रदर्शन आज #RetiredGuestTeachers'ProtestToday. #SubahSamachar
