Yamuna Nagar News: नेहरू पार्क रोड से हटाई गईं बिना वेंडर की रेहड़ियां
यमुनानगर। शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार को नेहरू पार्क रोड पर विशेष अभियान चलाकर अवैध रूप से लगी रेहड़ियों और फड़ियों को हटाया। कार्रवाई के दौरान अधिकांश रेहड़ी संचालकों को डीएवी डेंटल कॉलेज के पास निर्धारित स्थान पर शिफ्ट कराया गया, जबकि बिना वेंडर के सड़क किनारे खड़ी मिली कई रेहड़ियों और फड़ियों को निगम टीम ने जब्त कर लिया।नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह के नेतृत्व में सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया, सचिन कांबोज, होमगार्ड जवानों और निगम कर्मचारियों की टीम ने अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पहले रेहड़ी संचालकों से निर्धारित स्थान पर स्वेच्छा से जाने की अपील की गई, जिसके बाद अधिकांश दुकानदारों ने अपनी रेहड़ियां स्वयं हटा लीं। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि 24 जून को हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीसी प्रीति ने सड़क किनारे अवैध रूप से लगने वाली रेहड़ियों के कारण लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई।मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह ने कहा कि नेहरू पार्क रोड और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया है। सभी रेहड़ी एवं फड़ी संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि भविष्य में यदि किसी ने भी इस क्षेत्र में दोबारा रेहड़ी या दुकान लगाने का प्रयास किया तो बिना किसी पूर्व सूचना के उसका सामान जब्त कर लिया जाएगा तथा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 06:05 IST
Yamuna Nagar News: नेहरू पार्क रोड से हटाई गईं बिना वेंडर की रेहड़ियां #RehrisRemovedFromNehruParkRoad #SubahSamachar
