Yamuna Nagar News: बसों के रूट में कटौती से बढ़ी परेशानी

व्यासपुर। जगाधरी-साढ़ौरा वाया पाबनी मार्ग पर बसों के रूट में कटौती किए जाने से विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि बसों की संख्या कम होने से उन्हें दो-दो घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर हरियाणा रोडवेज की दो बसें संचालित हैं। सुबह साढ़े सात, आठ और साढ़े आठ बजे तक बसें उपलब्ध रहती हैं, लेकिन इसके बाद अगली बस साढ़े दस बजे मिलती है। पहले साढ़े नौ बजे चलने वाली बस को काफी समय से बंद कर दिया गया है।हैबतपुर निवासी रविंद्र राणा, रमेश कुमार, गुरचरण सिंह, जश्न राणा, प्रयाग राणा, विक्रांत, साक्षी, ममता, राहुल, मोनू, साहिल, मुकुल राणा, सनी और युद्धवीर राणा सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्र ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान जगाधरी और साढ़ौरा में विभिन्न कोर्स करने के लिए जाते हैं। वहीं लोगों को अस्पताल, कोचिंग सेंटर और जिला मुख्यालय के कार्यों के लिए भी सफर करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि जगाधरी से साढ़ौरा की ओर भी दोपहर 12 बजे की बस बंद होने से लोगों को घर लौटने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पहले की तरह दोनों ओर से बस सेवाएं बहाल की जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी जाएगी। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 11, 2026, 02:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: बसों के रूट में कटौती से बढ़ी परेशानी #ReductionInBusRoutesLeadsToIncreasedInconvenience. #SubahSamachar