Delhi News: डीयू यूजी में दाखिले के लिए मिले रिकॉर्ड आवेदन
आवेदन करने वालों में महिला उम्मीदवार सर्वाधिक वर्ष 2022 के बाद 273751 उम्मीदवारों ने दाखिले के लिए किया पंजीकरण अमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक (यूजी) प्रोग्राम में दाखिले को लेकर रिकॉर्ड आवेदन मिले हैं। इससे एक-एक सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस बार दाखिले के लिए दो लाख 73 हजार से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण किया है। डीयू में पुरुषों से ज्यादा महिला उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जबकि दाखिले के लिए सबसे ज्यादा प्राथमिकता उम्मीदवारों ने बी.कॉम(ऑनर्स) प्रोग्राम को दी है। डीयू में दाखिला पंजीकरण को लेकर पहला और दूसरा फेज समाप्त हो चुका है। डीयू द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार यूजी में दाखिले के लिए 273751 उम्मीदवारों ने पंजीकरण किया है। वर्ष 2022 के बाद इतनी बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। इसमें 218284 उम्मीदवारों ने पंजीकरण की प्रक्रिया को पूरा किया है। इसमें 97775 पुरुष उम्मीदवार और 120509 महिला उम्मीदवार शामिल हैं, जबकि 206835 उम्मीदवारों ने दाखिले के लिए वरीयता भरी है। बतादें कि डीयू के 67 कॉलेजों में अलग-अलग 73 स्नातक पाठ्यक्रमों और 100 से अधिक बीए कार्यक्रमों में दाखिले के लिए करीब 72 हजार सीटें हैं। इसमें खेल, ईसीए और अन्य कोटों को मिलाकर कुल सीटें लगभग 85 हजार हो जाती हैं। डीयू में दाखिला पंजीकरण को लेकर पहले फेज की प्रक्रिया 26 जून को शुरू हुई और 11 जुलाई को समाप्त हो गई, जबकि दूसरा फेज तीन जुलाई को शुरू होकर 11 जुलाई को संपन्न हुआ। इसमें डीयू ने उम्मीदवारों को कॉलेज और कोर्स प्राथमिकता भरने का अवसर दिया था। इसके अलावा उम्मीदवार 10 और 11 जुलाई को आवेदन फॉर्म में सुधार कर सकते थे। दाखिले के लिए इन दस प्रोग्राम को दी प्राथमिकता-बी कॉम(ऑनर्स) -बी कॉम-बीए(ऑनर्स) इंग्लिश-बीए(ऑनर्स) पॉलिटिकल साइंस-बीए प्रोग्राम(हिस्ट्री+पॉलिटिकल साइंस)-बीए(ऑनर्स) हिस्ट्री-बी.एससी(ऑनर्स) जूलॉजी-बी.एससी(ऑनर्स) मैथमेटिक्स-बी.एससी(प्रोग्राम) लाइफ साइंस-बीए(ऑनर्स) इकोनॉमिक्स
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 12, 2026, 18:51 IST
Delhi News: डीयू यूजी में दाखिले के लिए मिले रिकॉर्ड आवेदन #RecordApplicationsReceivedForDUUndergraduateAdmissions. #SubahSamachar
