धमतरी में अर्नब चक्रवात से बर्बाद हुई धान की फसल: 5 हजार से अधिक किसानों ने मुआवजे के लिए दिए आवेदन
अर्नब चक्रवात के प्रभाव से दो दिनों तक हुई बारिश ने जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पककर तैयार धान की फसल बारिश और तेज हवाओं के चलते जमीन पर गिर गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। चार महीने की मेहनत के बाद तैयार हुई फसल पर पानी फिरने से किसान परेशान हैं, वहीं 15 नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी शुरू होने वाली है, कई किसान अब तक अपनी फसल काट भी नहीं पाए थे। जबकि कुछ किसानों ने कटाई के बाद खेतों में धान की फसल रखी हुई थी। बारिश के बाद खेतों में गिरी धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ने लगी है। नुकसान की भरपाई के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग द्वारा सर्वे की प्रक्रिया शुरू कराई गई है। किसानों के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया था, जिसके माध्यम से प्रभावित किसानों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं। कृषि विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिलेभर से अब तक करीब 5 हजार किसानों ने फसल क्षतिपूर्ति के लिए आवेदन किया है, फिलहाल बीमा कंपनी द्वारा सर्वे का काम किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक 10 दिनों के भीतर सर्वे पूरा कर प्रतिवेदन सौंपा जाएगा, जिसके बाद पात्र किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। ये भी पढ़ें:छत्तीसगढ़: सरकारी कर्मचारियों के लिए छुट्टी की तारीख बदली, अब 20 नवंबर को रहेगा स्थानीय अवकाश 72 घंटे के भीतर देनी होती है सूचना धमतरी कृषि विभाग के अधिकारी मोनेश साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान की स्थिति में दो तरह के प्रावधान हैं। खेत में कटाई के बाद रखी गई फसल बारिश से प्रभावित होने पर किसानों को 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना देनी होती है। इसके बाद बीमा कंपनी द्वारा 10 दिनों के भीतर सर्वे पूरा किया जाता है और पात्रता के अनुसार क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जाता है। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक किसानों से लगभग 5 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और सर्वे की प्रक्रिया जारी है। कृषि विभाग का प्रयास है कि बारिश से प्रभावित किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाई जा सके। बारिश के चलते जिले में किसानों की फसल किसी न किसी रूप में प्रभावित हुई है, ऐसे में सर्वे के बाद नुकसान की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 03, 2026, 19:10 IST
धमतरी में अर्नब चक्रवात से बर्बाद हुई धान की फसल: 5 हजार से अधिक किसानों ने मुआवजे के लिए दिए आवेदन #CityStates #Chhattisgarh #Dhamtari #ArnabCyclone #UnseasonalRain #DamageToPaddyCrop #Farmers'Concern #CropCompensation #CropInsuranceScheme #PrimeMinisterCropInsuranceScheme #AgricultureDepartment #CropLossSurvey #SubahSamachar
