नई Range Rover Sport SV भारत में लॉन्च: 3.8 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार, जानें कीमत और फीचर्स

लैंड रोवर (Land Rover) ने भारत में अपनी हाई-परफॉर्मेंस लग्जरी एसयूवी Range Rover Sport SV को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी एक्स-शोरूम कीमत 2.05 करोड़ रुपये तय की है। यह नया वेरिएंट लिमिटेड-रन 'SV Edition Two' से नीचे आता है, जो इससे करीब 30 लाख रुपये ज्यादा महंगा है। हाल ही में भारत-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) लागू होने से पहले रेंज रोवर ने अपने प्रीमियम मॉडल्स की कीमतों में कुछ बदलाव किए हैं। इस शानदार एसयूवी की बुकिंग शुरू हो चुकी है और ग्राहकों को इसकी डिलीवरी अगस्त 2026 से मिलने लगेगी। मस्कुलर लुक और खास कलर्स नई Range Rover Sport SV का एक्सटीरियर इसे सड़क पर एक अलग और दमदार पहचान देता है। भारतीय ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए, 2026 मॉडल में साटन ग्रीन, मैट ऑरेंज, ग्लॉस ब्लू, मैट वॉयलेट और ग्लॉस टील जैसे कई खास और प्रीमियम पेंट विकल्पदिए गए हैं। इस एसयूवी के स्पोर्टी लुक को निखारने के लिए इसमें काली छत के साथ विशेष रूप से डिजाइन किए गए 22-इंच के फोर्ज्ड अलॉय व्हील्स लगाए गए हैं। गाड़ी की खूबसूरती बढ़ाने के लिए इसमें 'ब्लैक-आउट' थीम का बखूबी इस्तेमाल हुआ है। जहां पिलर, साइड मिरर (ORVMs), ग्रिल, फ्रंट स्प्लिटर और यहां तक कि रेंज रोवर की बैजिंग को भी गहरे काले रंग में रखा गया है। इसके एग्रेसिव डिजाइन को पूरा करते हैं इसके चारों तरफ लगे SV बैज, पीछे की ओर दिया गया बड़ा स्पॉइलर और दमदार आवाज वाले क्वाड एग्जॉस्ट (चार साइलेंसर)। हालांकि इसके महंगे 'एडिशन टू' वेरिएंट में 23-इंच के कार्बन-फाइबर व्हील्स और कार्बन-सिरेमिक ब्रेक मिलते हैं। लेकिन इस मॉडल को इस तरह तैयार किया गया है कि यह वजन कम रखने के बजाय अपने बोल्ड और मस्कुलर लुक्स से लोगों को आकर्षित कर सके। अंदर से पूरी तरह 'लग्जरी लाउंज' Range Rover Sport SV का केबिन केवल एक कार का इंटीरियर नहीं, बल्कि आपको एक 'लग्जरी लाउंज' जैसा प्रीमियम अहसास कराता है। इसके अंदर कदम रखते ही आपको 'लाइट क्लाउड' और 'एबोनी' जैसे शानदार रंगों में सजी हवादार विंडसर लेदर सीट्स मिलती हैं, जो सफर को बेहद आरामदायक बनाती हैं। केबिन को और भी खुला और हवादार बनाने के लिए, भारतीय ग्राहकों की पसंद का खास ख्याल रखते हुए इसमें एक बड़ी स्लाइडिंग पैनोरमिक सनरूफ दी गई है। शानो-शौकत को अगले स्तर पर ले जाने के लिए पूरे केबिन में बेहतरीन लेदर फिनिशिंग का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही, संगीत के शौकीनों के लिए इसमें 'मेरिडियन' का सिग्नेचर साउंड सिस्टम और दरवाजों पर चमकने वाले 'SV' ब्रांडेड डोर सिल्स दिए गए हैं जो रात के समय काफी आकर्षक लगते हैं। जहां इस कार का 'Edition Two' वेरिएंट कार्बन-फाइबर ट्रिम के साथ रेसिंग लुक पर केंद्रित है, वहीं यह मॉडल रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए प्लश कंफर्ट और आलीशान लग्जरी को प्राथमिकता देता है। 3.8 सेकंड में 100 किमी/घंटा की रफ्तार Range Rover Sport SV सिर्फ दिखने में ही मस्कुलर नहीं है, बल्कि परफॉर्मेंस के मामले में भी यह सड़क पर एक असली 'बीस्ट' साबित होती है। इसके बोनट के नीचे 4.4-लीटर का ट्विन-टर्बो V8 माइल्ड-हाइब्रिड इंजन दिया गया है।ये 635 hp की जबर्दस्त पावर और 750 Nm का भारी-भरकम टॉर्क जनरेट करता है। इस ताकतवर इंजन को ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है।इसकी बदौलत यह विशालकाय एसयूवी महज 3.8 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। इसकी रफ्तार को नियंत्रित और आरामदायक बनाने के लिए इसमें अत्याधुनिक '6D डायनामिक्स सस्पेंशन' तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। आसान शब्दों में कहें तो यह सिस्टम हाइड्रोलिक रूप से इंटरलिंक्ड है जो घुमावदार रास्तों या खराब सड़कों पर गाड़ी को बहुत ज्यादा झुकने या हिलने-डुलने से रोकता है। नतीजा यह होता है कि तेज रफ्तार और मोड़ों पर भी आपको बेहतरीन कंट्रोल और एक बेहद स्थिर व आरामदायक सफर का अनुभव मिलता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 13, 2026, 10:45 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




नई Range Rover Sport SV भारत में लॉन्च: 3.8 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार, जानें कीमत और फीचर्स #Automobiles #National #RangeRoverSportSv #LandRover #LuxurySuv #JlrIndia #SubahSamachar