झारखंड: राय यूनिवर्सिटी के छात्र की संदिग्ध मौत, टूटी मेज और शव की स्थिति से गहराया शक; पिता ने लगाया आरोप
जिले के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित राजाउलातू डाबर टोली में झारखंड राय यूनिवर्सिटी के बीटेक छात्र मनीष कुमार की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। हजारीबाग के पेटो गांव निवासी पिता हुसैनी साव ने अपने 20 वर्षीय बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बीटेक मेकेनिकल इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर के छात्र मनीष का शव उनके किराये के कमरे में पंखे से लटका मिला था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार टूट गया है और पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। संदिग्ध परिस्थितियों में मिला छात्र का शव बुधवार सुबह कमरे से तेज बदबू आने पर अन्य किरायेदारों को शक हुआ। कमरा अंदर से बंद होने के कारण जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर मनीष का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। पुलिस की उपस्थिति में परिजनों के पहुंचने पर कमरे के अंदर गले में रस्सी बंधी हुई थी और पास ही एक टूटी हुई मेज पड़ी थी। पिता का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या करके शव को इस तरह लटकाया गया है ताकि यह आत्महत्या जैसा दिखे। छात्र विश्वविद्यालय के पास ही किराये के मकान में रहता था। धमकी भरा व्हाट्सएप संदेश और रहस्यमयी फोन मृतक के पिता ने बताया कि घटना से एक दिन पहले उनके परिवार के मोबाइल नंबर पर एक व्हाट्सएप संदेश आया था। इसमें लिखा गया था कि "मनीष को बचाना है तो बचा लीजिए"। इस संदेश को भेजने के कुछ ही देर बाद उसे हटा भी दिया गया। इसके बाद बुधवार की दोपहर 1:30 बजे आशुतोष नाम के व्यक्ति का फोन आया, जिसने मनीष द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की बात कही। इस कॉल के बाद परिवार में मातम छा गया। ये भी पढ़ें-झारखंड: प्रदेश के चार जिलों में खुलेंगे नए मेडिकल कॉलेज, जामताड़ा में 420 बेड का अस्पताल भी बनेगा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान छात्र की स्मार्टवॉच और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक शव दो-तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिस कारण उसमें से बदबू आ रही थी। फिलहाल मौत का सटीक कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस सभी बिंदुओं और कॉल डिटेल के आधार पर मामले की गहन छानबीन कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 15, 2026, 17:51 IST
झारखंड: राय यूनिवर्सिटी के छात्र की संदिग्ध मौत, टूटी मेज और शव की स्थिति से गहराया शक; पिता ने लगाया आरोप #CityStates #Jharkhand #Ranchi #SubahSamachar
